OTT Watchlist: ओटीटी प्लेटफॉर्म अब सिर्फ फिल्मों और वेब सीरीज तक सीमित नहीं रह गए हैं. लाइव स्पोर्ट्स, रियलिटी शोज और डॉक्यूमेंट्री भी दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं. पिछले छह महीनों के व्यूअरशिप आंकड़ों ने यह साफ कर दिया है कि लोगों की पसंद लगातार बदल रही है. इस बार सबसे ज्यादा देखे जाने वाले कंटेंट की सूची में क्रिकेट टूर्नामेंट्स ने रिकॉर्ड कायम किया है, वहीं मनोरंजन की दुनिया से कई बड़े शो और फिल्में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने में सफल रही हैं. खास बात यह है कि इस सूची में रियलिटी शो, ब्लॉकबस्टर फिल्में और प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री सभी ने जगह बनाई है.
ICC Men's टी20 वर्ल्ड कप 2026 नंबर वन
पिछले छह महीनों में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला कंटेंट ICC Men's टी20 वर्ल्ड कप 2026 रहा. इस टूर्नामेंट ने कुल 246 मिलियन व्यूज हासिल किए. क्रिकेट के प्रति दर्शकों का जुनून एक बार फिर इस टूर्नामेंट के जरिए देखने को मिला. भारत समेत दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों ने मुकाबलों को बड़े पैमाने पर स्ट्रीम किया, जिससे यह व्यूअरशिप के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गया.
IPL 2026 ने भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड
दूसरे स्थान पर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 रहा, जिसे 228.4 मिलियन व्यूज मिले. हर साल की तरह इस बार भी आईपीएल ने मनोरंजन और क्रिकेट का शानदार मिश्रण पेश किया. रोमांचक मुकाबलों, युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन और स्टार क्रिकेटरों की मौजूदगी ने इसे दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाए रखा.
'इंडियाज गॉट लेटेंट' ने रियलिटी शो में मचाई धूम
तीसरे स्थान पर कॉमेडियन समय रैना का चर्चित शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' रहा. इस शो को 38.5 मिलियन व्यूज मिले. यूट्यूब और नेटफ्लिक्स दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध इस शो ने अपने अलग कॉन्सेप्ट और बेबाक अंदाज की वजह से युवाओं के बीच खास पहचान बनाई. सोशल मीडिया पर भी इस शो के कई क्लिप्स लगातार वायरल होते रहे.
रणवीर सिंह की 'धुरंधर' बनी सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल
चौथे नंबर पर 'धुरंधर' ने अपनी जगह बनाई. फिल्म को 35.2 मिलियन व्यूज मिले. नेटफ्लिक्स और जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया था. रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने सिनेमाघरों में भी शानदार प्रदर्शन किया था और दुनिया भर में करीब 1300 करोड़ रुपये का कारोबार करने के बाद ओटीटी पर भी दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल किया.
भारत-न्यूजीलैंड क्रिकेट सीरीज भी रही दर्शकों की पसंद
पांचवें स्थान पर भारत बनाम न्यूजीलैंड क्रिकेट सीरीज 2026 रही, जिसे 30.5 मिलियन व्यूज मिले. क्रिकेट प्रेमियों ने इस सीरीज को भी बड़ी संख्या में देखा, जिससे यह टॉप-5 में अपनी जगह बनाने में सफल रही.
'धुरंधर 2' को भी मिला शानदार रिस्पॉन्स
छठे स्थान पर 'धुरंधर 2' रही. इस फिल्म को 27.8 मिलियन व्यूज मिले. जियो हॉटस्टार और नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध इस फिल्म ने पहले पार्ट की लोकप्रियता को आगे बढ़ाते हुए दर्शकों को एक बार फिर आकर्षित किया.
'मेड इन इंडिया: ए टाइटन स्टोरी' ने बनाई खास पहचान
सातवें नंबर पर 'मेड इन इंडिया: ए टाइटन स्टोरी' रही, जिसे 17.8 मिलियन व्यूज मिले. अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हो रही इस वेब सीरीज ने भारतीय ब्रांड की प्रेरणादायक यात्रा को दर्शकों के सामने पेश किया. बिजनेस और ब्रांड स्टोरी में दिलचस्पी रखने वाले दर्शकों ने इसे काफी पसंद किया.
फीफा वर्ल्ड कप 2026 भी टॉप-10 में शामिल
आठवें स्थान पर फीफा वर्ल्ड कप 2026 रहा. इस टूर्नामेंट को 17.6 मिलियन व्यूज मिले. फुटबॉल के सबसे बड़े आयोजन ने भारतीय दर्शकों के बीच भी अच्छी लोकप्रियता हासिल की और जी5 पर इसे बड़ी संख्या में स्ट्रीम किया गया.
प्रभास की 'द राजा साब' को मिला अच्छा रिस्पॉन्स
नौवें स्थान पर 'द राजा साब' रही, जिसे 17.5 मिलियन व्यूज मिले. प्रभास अभिनीत इस फिल्म को जियो हॉटस्टार पर दर्शकों ने खूब देखा. थिएटर रिलीज के बाद ओटीटी पर भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला.
दिव्या दत्ता की 'चिरैया' ने भी बनाई जगह
टॉप-10 की सूची में दसवें स्थान पर दिव्या दत्ता की सीरीज 'चिरैया' रही. इस सीरीज को 16.3 मिलियन व्यूज मिले. जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध इस कंटेंट को इसकी दमदार कहानी और कलाकारों के शानदार अभिनय की वजह से दर्शकों ने पसंद किया.
ये भी पढ़ें: 'मा इंति बंगारम' से लेकर 'हार्टस्टॉपर फॉरएवर' तक, इस फ्राइडे OTT पर मिलेगा एंटरटेनमेंट का डबल डोज