उत्तर भारत में कोहरे का कहर, जीरो विजिबिलिटी की वजह से 80 से अधिक ट्रेनें 10 घंटे तक लेट, देखें लिस्‍ट

उत्तर भारत में सर्दियों के मौसम का पहला घना कोहरा यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.

More than 80 trains delayed by 10 hours due to zero visibility
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

नई दिल्ली: उत्तर भारत में सर्दियों के मौसम का पहला घना कोहरा यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. सोमवार से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में दृश्यता अत्यंत कम हो गई है, जिससे रेलवे संचालन प्रभावित हुआ है. इसके कारण 80 से अधिक ट्रेनें देर से चल रही हैं, कुछ ट्रेनें 10 घंटे तक लेट हैं. खासकर दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में शून्य दृश्यता के चलते यात्रियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा है.

भारतीय रेलवे ने यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई मार्गों पर ट्रेनों की रफ्तार धीमी कर दी है. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि टूंडला-कानपुर-प्रयागराज-डीडीयू सेक्शन में विशेष सावधानी बरती जा रही है ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके. कोहरे और कम दृश्यता के कारण ट्रेनें 18 मिनट से लेकर 11 घंटे तक विलंब से चल रही हैं.

कौन सी ट्रेनें प्रभावित हैं

विलंब की लिस्ट में कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं. इनमें मुंबई सेंट्रल से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली अगस्त क्रांति तेजस राजधानी एक्सप्रेस, जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस, मेवाड़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस, दर्शन सुपरफास्ट एक्सप्रेस, केरल एक्सप्रेस, लक्ष्मीबाई नगर-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस और गोवा एक्सप्रेस प्रमुख हैं.

कुछ ट्रेनें तो विशेष रूप से लंबे समय से लेट चल रही हैं. उदाहरण के लिए, जयनगर-अमृसर क्लोन 04651 लगभग 11 घंटे विलंब से चल रही है, जबकि बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल 02563 सात घंटे से अधिक देर से स्टेशन से रवाना हुई.

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों में कोहरे के और घने होने की चेतावनी दी है. विभाग ने कहा है कि यह स्थिति रेल और सड़क दोनों यातायात के लिए चुनौतीपूर्ण बनेगी. नागरिकों और यात्रियों से सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांच लें और एयरपोर्ट या स्टेशन तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय निकालें.

यात्री और रेलवे प्रशासन की सावधानी

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है. इसलिए, रेलवे ने ट्रेन की गति कम करके और विशेष निगरानी रखकर संचालन सुनिश्चित किया है. यात्री भी इस दौरान किसी भी अप्रत्याशित देरी से बचने के लिए समयपूर्व योजना बनाएं और संबंधित रेलवे पोर्टल या ऐप पर ट्रेन की लाइव स्थिति देखें.

कोहरे का असर अगले दो दिन और रहेगा. उत्तर भारत में तापमान में गिरावट और ठंडी हवाओं के चलते दृश्यता और कम हो सकती है. इसलिए, ट्रेनों में देरी और प्रभावित संचालन की संभावना बनी रहेगी.

ये भी पढ़ें- घना कोहरा, जीरो विजिबिलिटी... दिल्ली एयरपोर्ट पर कई उड़ानों में देरी, एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी