36 घंटे बाद पटरी पर लौटी Microsoft की सर्विस, Outlook और Teams ने फिर शुरू किया काम

Microsoft Outage: माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी खराबी के चलते 70 देशों में लाखों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा. 12 नवंबर से प्रभावित Outlook, Teams और Copilot समेत कई सेवाएं 14 नवंबर को दोबारा बहाल हुईं.

microsoft-services-outage-restored-after-thirty-six-hours-globally
Image Source: Social Media

Microsoft Outage: माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई बड़ी तकनीकी खराबी के बाद दुनियाभर के यूजर्स ने राहत की सांस ली है. करीब 36 घंटे तक प्रभावित रहने के बाद कंपनी ने Outlook, Teams और Copilot समेत अपनी प्रमुख सेवाओं को दोबारा चालू कर दिया है. इस आउटेज के कारण लाखों यूजर्स को ईमेल, ऑफिस टूल्स और दूसरे जरूरी काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. शनिवार को माइक्रोसॉफ्ट ने पुष्टि की कि 14 नवंबर को तकनीकी समस्या ठीक कर ली गई है और सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं.

70 देशों में यूजर्स और कंपनियां हुईं प्रभावित

माइक्रोसॉफ्ट की इस तकनीकी गड़बड़ी का असर करीब 70 देशों में देखने को मिला. कंपनियों से लेकर सरकारी संस्थानों और आम यूजर्स तक को परेशानी उठानी पड़ी. Outlook पर ईमेल एक्सेस करने, Teams के जरिए मीटिंग करने और Copilot जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल करने में दिक्कतें आईं. इस आउटेज ने उन संगठनों के कामकाज को भी प्रभावित किया, जो अपने रोजमर्रा के कामों के लिए माइक्रोसॉफ्ट के टूल्स पर निर्भर हैं.

हर घंटे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान

लंबे समय तक सेवाएं बंद रहने से दुनियाभर की कंपनियों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है. एक अनुमान के मुताबिक, इस आउटेज के कारण हर घंटे करीब 94 लाख रुपये का नुकसान हो रहा था. 36 घंटे तक चली इस परेशानी के चलते कुल नुकसान करोड़ों रुपये तक पहुंचने का अनुमान है. हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट या प्रभावित कंपनियों की ओर से अभी तक नुकसान का कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है.

माइक्रोसॉफ्ट ने यूजर्स से मांगी माफी

सेवाएं बहाल होने के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने इस परेशानी के लिए यूजर्स से माफी मांगी है. कंपनी ने यह भी भरोसा दिया है कि घटना को लेकर विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी. इस रिपोर्ट में बताया जाएगा कि तकनीकी खराबी किस वजह से आई, इसका असर किन सेवाओं पर पड़ा और इसे ठीक करने के लिए क्या कदम उठाए गए. इससे यूजर्स और कंपनियों को आउटेज की पूरी वजह समझने में मदद मिलेगी.

12 नवंबर से शुरू हुई थी परेशानी

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में गड़बड़ी की शुरुआत 12 नवंबर से हुई थी. शुरुआत में यूजर्स को Outlook के मेलबॉक्स तक पहुंचने में परेशानी हुई, लेकिन धीरे-धीरे इसका असर दूसरी सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा. Outlook, Teams, Copilot के अलावा SharePoint, Planner और To Do जैसे एप्लीकेशन भी प्रभावित हुए. इन सेवाओं के ठप होने से कई कंपनियों के कामकाज और कर्मचारियों की उत्पादकता पर असर पड़ा.

नेटवर्क क्षमता अपग्रेड के दौरान आई तकनीकी खराबी

माइक्रोसॉफ्ट ने आउटेज की वजह नेटवर्क क्षमता को अपग्रेड करने के दौरान आई तकनीकी समस्या बताई है. कंपनी के मुताबिक, नेटवर्क में बदलाव की प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी पैदा हुई, जिससे उसकी कई सेवाएं प्रभावित हो गईं. माइक्रोसॉफ्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस घटना के पीछे किसी साइबर अटैक या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एजेंट की भूमिका नहीं थी. अब सेवाएं बहाल हो चुकी हैं, लेकिन विस्तृत रिपोर्ट से ही इस तकनीकी खराबी की पूरी जानकारी सामने आएगी.

ये भी पढ़ें- Microsoft Outage: दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं ठप, Outlook और Teams नहीं कर रहे काम, यूजर्स बेहाल