Microsoft Outage: माइक्रोसॉफ्ट की कई सेवाओं में दुनियाभर में तकनीकी खराबी आ गई है. इस ग्लोबल आउटेज के कारण लाखों यूजर्स को परेशानी हो रही है. खासतौर पर Microsoft 365, Outlook और Teams का इस्तेमाल करने वाले लोग प्रभावित हुए हैं. यूजर्स न तो अपने ईमेल देख पा रहे हैं और न ही Teams के जरिए मीटिंग और मैसेज कर पा रहे हैं. इस परेशानी का असर दफ्तरों के कामकाज पर भी पड़ा है. गुरुवार दोपहर से शुरू हुई इस समस्या के बीच Amazon Web Services और Google की कुछ सेवाओं में भी दिक्कत आने की खबर है.
Outlook और Teams पर सबसे ज्यादा असर
ऑनलाइन सेवाओं में आने वाली समस्याओं पर नजर रखने वाली वेबसाइट Downdetector.com के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट की कई सेवाओं में शिकायतें दर्ज की गई हैं. इनमें Microsoft 365, Outlook और Teams प्रमुख हैं. अकेले Outlook को लेकर करीब 1.30 लाख यूजर्स ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है.
इस परेशानी के कारण कई यूजर्स अपने ईमेल अकाउंट तक नहीं पहुंच पा रहे हैं. वहीं, Teams पर मीटिंग करने और संदेश भेजने में भी दिक्कत आ रही है. इससे उन कंपनियों का काम प्रभावित हुआ है, जो रोजाना इन सेवाओं का इस्तेमाल करती हैं.
माइक्रोसॉफ्ट ने भी मानी तकनीकी खराबी
माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी सेवाओं में आई इस परेशानी की पुष्टि की है. कंपनी के प्रवक्ता के मुताबिक, Microsoft 365 का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इसमें Exchange Online से जुड़ी समस्याएं ज्यादा सामने आई हैं.
कंपनी का कहना है कि वह इस समस्या की जांच कर रही है. सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए तकनीकी टीम काम कर रही है.
OpenAI और Anthropic का काम भी प्रभावित
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई खराबी का असर दूसरी टेक कंपनियों पर भी देखने को मिला है. OpenAI ने बताया कि वह Microsoft Connectors से जुड़ी तकनीकी समस्या की जांच कर रही है. इसकी वजह से नए कनेक्शन बनाने में परेशानी हो सकती है. साथ ही कुछ टूल भी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं.
Anthropic को भी इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा है. इससे पता चलता है कि माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं पर निर्भर दूसरी कंपनियों का काम भी प्रभावित हो सकता है.
पिछले महीने भी Azure में आई थी परेशानी
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में तकनीकी खराबी आने का यह पहला मामला नहीं है. पिछले महीने कंपनी के Azure क्लाउड प्लेटफॉर्म में भी आउटेज हुआ था. उस समय इसकी वजह से माइक्रोसॉफ्ट के कई प्रोडक्टिविटी सॉफ्टवेयर और दुनियाभर के अलग-अलग उद्योगों का काम प्रभावित हुआ था.
Workhorse Group ने बदली नतीजे जारी करने की तारीख
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का असर कारोबार पर भी पड़ा है. इलेक्ट्रिक ट्रक बनाने वाली कंपनी Workhorse Group ने 12 नवंबर को अपने तीसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करने थे. लेकिन कंपनी ने तकनीकी खराबी के कारण कारोबार प्रभावित होने का हवाला देते हुए नतीजे जारी करने की तारीख बदल दी.
अब कंपनी अपने वित्तीय नतीजे 16 नवंबर को जारी करेगी. इससे पता चलता है कि बड़ी टेक कंपनियों की सेवाओं में आने वाली छोटी सी तकनीकी खराबी भी दुनियाभर के कारोबार को प्रभावित कर सकती है.