Mathura Janmashtami 2026: मथुरा में इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव सिर्फ मंदिरों की घंटियों और भक्ति गीतों तक सीमित नहीं रहने वाला है. भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर आस्था के साथ आधुनिक तकनीक का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जो श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन सकता है. जन्माष्टमी की रात मथुरा के आसमान में 500 ड्रोन एक साथ उड़ान भरेंगे और भगवान कृष्ण के जन्म तथा उनकी विभिन्न लीलाओं से जुड़ी आकृतियां और दृश्य प्रदर्शित करेंगे.
4 सितंबर की रात होगा 500 ड्रोन का शो
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ लक्ष्मी नागप्पन के मुताबिक, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए इस बार खास ड्रोन शो आयोजित किया जा रहा है. 4 सितंबर की रात 9 से 10 बजे के बीच करीब 15 मिनट तक यह शो चलेगा. इस दौरान 500 ड्रोन एक साथ आसमान में उड़ते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी लीलाओं से जुड़े अलग-अलग दृश्य बनाएंगे. इस आयोजन की खास बात यह होगी कि ड्रोन से बनने वाली आकृतियां जन्मभूमि के आसपास करीब 3 से 4 किलोमीटर के दायरे से देखी जा सकेंगी. ऐसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अनोखे नजारे का हिस्सा बन सकेंगे.
जन्मभूमि पर लाखों भक्तों की उमड़ेगी भीड़
मथुरा में जन्माष्टमी का धार्मिक महत्व देशभर के कृष्ण भक्तों के लिए बेहद खास है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि की मध्यरात्रि में कंस के कारागार में अवतार लिया था. इसलिए हर साल जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है. जन्मभूमि मंदिर में आधी रात को होने वाले जन्माभिषेक और जन्मोत्सव को देखने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से भक्त पहुंचते हैं. इस बार मंदिर में होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आसमान में दिखाई देने वाली कृष्ण लीलाएं भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी.
आस्था के साथ तकनीक का नया प्रयोग
मथुरा में होने वाला यह आयोजन धार्मिक उत्सवों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक खास पहल माना जा रहा है. ड्रोन के जरिए आसमान में धार्मिक और सांस्कृतिक प्रसंगों को प्रदर्शित करने का चलन देश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों पर देखने को मिला है. राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित श्री सांवलिया सेठ मंदिर में जन्माष्टमी के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की 12 लीलाओं को ड्रोन शो के जरिए प्रदर्शित किया जा चुका है. वहीं, गुजरात के सोमनाथ मंदिर में भी ड्रोन के जरिए सोमनाथ के इतिहास, भगवान शिव और भारतीय संस्कृति से जुड़े दृश्य प्रस्तुत किए गए हैं.
अयोध्या-बनारस के बाद मथुरा में नया आकर्षण
उत्तर प्रदेश में अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में भी धार्मिक आयोजनों के दौरान ड्रोन शो आयोजित किए जा चुके हैं. अब मथुरा में जन्मभूमि की पृष्ठभूमि के साथ कृष्ण जन्म और उनकी लीलाओं को आसमान में दिखाने की तैयारी है. इस तरह जन्माष्टमी 2026 में मथुरा श्रद्धा, भक्ति और तकनीक के अनूठे संगम का गवाह बनेगा. मंदिर में कान्हा के जन्म का इंतजार कर रहे भक्तों के लिए आसमान में बनने वाली कृष्ण की आकृतियां इस पूरे उत्सव को और खास बना सकती हैं.
ये भी पढ़ें- Krishna Janmashtami 2026: कब रखा जाएगा जन्माष्टमी का व्रत, जानें निशिता काल, जन्मोत्सव और पूजा मुहूर्त