पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास हुए जोरदार धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस विस्फोट में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 47 लोग घायल बताए जा रहे हैं. धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. हालात को देखते हुए सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है. धमाके के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस, सुरक्षा बल और राहत टीमें पहुंच गईं.
रेलवे ट्रैक पर हुआ विस्फोट
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह धमाका उस समय हुआ जब एक ट्रेन क्वेटा कैंट इलाके की ओर जा रही थी. रेलवे लाइन पर हुए विस्फोट की वजह से ट्रेन हादसे का शिकार हो गई. धमाके के तुरंत बाद इलाके में गोलियों की आवाजें सुनाई देने की भी खबर सामने आई, जिससे लोगों में और ज्यादा डर फैल गया.
🚨 Breaking | #Quetta: Several train carriages derailed following an explosion at the Chaman Gate crossing. Initial reports indicate damage to the train, while details regarding possible casualties remain unclear. pic.twitter.com/UCfx6YwCZx
— Islamabad Post (@ISBPost) May 24, 2026
बलूचिस्तान सरकार के अधिकारी बाबर यूसुफजई ने बताया कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.
ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतरे
रेल अधिकारियों के अनुसार क्वेटा कैंट से आने वाली शटल ट्रेन को चमन फाटक के पास निशाना बनाया गया. धमाके के कारण इंजन समेत ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए.
इसके अलावा पास में खड़ी करीब 10 गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां और शीशे टूट गए.
घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है. सुरक्षा के मद्देनजर पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया.
बलूचिस्तान में पहले भी होते रहे हैं हमले
बलूचिस्तान पाकिस्तान का संवेदनशील इलाका माना जाता है, जहां लंबे समय से हिंसा और अलगाववादी गतिविधियां जारी हैं. इस क्षेत्र में कई संगठन पाकिस्तान सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं और बलूचिस्तान की आजादी की मांग करते रहे हैं.
इसी वजह से यहां सुरक्षा बलों और सरकारी प्रतिष्ठानों को अक्सर निशाना बनाया जाता है. हालांकि इस ताजा हमले के पीछे कौन है, इसे लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
रेल मंत्री ने की हमले की निंदा
पाकिस्तान के रेल मंत्री मोहम्मद हनीफ अब्बासी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. उन्होंने इसे कायराना आतंकी हमला बताते हुए कहा कि ऐसे हमले आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान के हौसले को कमजोर नहीं कर सकते.
उन्होंने बताया कि फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत ट्रेन और रेस्क्यू ट्रक मौके पर भेजे गए हैं. रेल मंत्री ने अधिकारियों से घटना की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है.
अब्बासी ने कहा कि इस हमले के बावजूद पाकिस्तान रेलवे की सेवाएं जारी रहेंगी और ट्रेन संचालन बंद नहीं किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- Heatwave: दिन की धूप से भी ज्यादा खतरनाक हो रही रात की गर्मी! नींद और सेहत पर डबल अटैक की चेतावनी