बोलीविया में सैन्य अड्डे पर भीषण धमाका, 10 लोगों की मौत, 60 से ज्यादा घायल, मंडरा रहा एक और खतरा?

बोलीविया के पश्चिमी शहर वियाचा में शुक्रवार दोपहर एक सैन्य अड्डे में अचानक जोरदार धमाका हो गया. धमाका करीब 2:30 बजे उस हिस्से में हुआ, जहां आतिशबाजी से जुड़ा सामान रखा हुआ था.

Massive explosion at a military base in Bolivia 10 dead over 60 injured
Image Source: Social Media

Bolivia Military Base: बोलीविया के पश्चिमी शहर वियाचा में शुक्रवार दोपहर एक सैन्य अड्डे में अचानक जोरदार धमाका हो गया. धमाका करीब 2:30 बजे उस हिस्से में हुआ, जहां आतिशबाजी से जुड़ा सामान रखा हुआ था. विस्फोट के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में 10 से 15 लोगों की मौत की आशंका है, जबकि कम से कम 58 लोग घायल हुए हैं. घायलों में ज्यादातर आम लोग शामिल हैं.

बोलीविया के रक्षा मंत्री अर्नेस्टो जस्टिनियानो ने बताया कि विस्फोट सैन्य परिसर के उसी हिस्से में हुआ था, जहां आतिशबाजी का सामान रखा जाता था. उन्होंने कहा कि घायल 58 लोगों में 52 आम नागरिक हैं, जबकि बाकी सैन्यकर्मी हैं. हादसे के तुरंत बाद मृतकों की सही संख्या की जानकारी नहीं मिल पाई थी. हालांकि, वियाचा की स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का ने मृतकों की संख्या 10 से 15 के बीच होने की बात कही.

धमाके के बाद आसमान में छाया काला धुआं

विस्फोट इतना तेज था कि सैन्य अड्डे से काले धुएं का बड़ा गुबार आसमान में दिखाई देने लगा. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भी सैन्य परिसर के ऊपर घना काला धुआं उठता नजर आया. सैन्य अड्डा शहर के बीच में स्थित होने के कारण आसपास रहने वाले लोगों में भी डर फैल गया.

धमाके की सूचना मिलते ही एंबुलेंस, पुलिस और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं. राहत और बचाव दल ने सैन्य परिसर में जाकर स्थिति का जायजा लिया और घायलों को आसपास के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया. अधिकारियों ने बताया कि घायलों के परिवारों को भी जरूरी मदद दी जा रही है.

अभी भी बना हुआ है दोबारा धमाके का खतरा

हादसे के बाद भी इलाके में खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का के मुताबिक, दमकलकर्मियों ने घटनास्थल पर एक और धमाका होने की आशंका जताई है. इसी वजह से लोगों को घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर दूर रहने की सलाह दी गई है.

प्रशासन की पहली प्राथमिकता घायलों को सुरक्षित बाहर निकालना और सैन्य परिसर को सुरक्षित करना है. इसके साथ ही धमाके की वजह और नुकसान की पूरी जानकारी जुटाने का काम भी किया जा रहा है.

ला पाज से करीब 30 किलोमीटर दूर है वियाचा

वियाचा बोलीविया के पश्चिमी हिस्से में स्थित एक प्रमुख शहर है. यहां करीब एक लाख लोग रहते हैं. यह देश की प्रशासनिक राजधानी ला पाज से लगभग 30 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है. सैन्य अड्डा शहर के बीच में होने की वजह से धमाके का असर आसपास के इलाके में भी दिखाई दिया.