Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया. हादसा पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में हुआ. धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं.
घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में ले जाया गया है. एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. सर्कल ऑफिसर शिवांग सिंह के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी वहां मौजूद हैं. राहत और बचाव का काम लगातार चल रहा है.
कौशांबी के डीएम अमित पाल शर्मा ने बताया कि मौके पर एंबुलेंस के साथ फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां भेजी गई हैं. बचाव टीम ने अब तक करीब पांच लोगों को बाहर निकाला है. इनमें से कुछ घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. प्रशासन की टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि कितने लोग हादसे में घायल हुए हैं और उनमें से कितनों की हालत गंभीर है.
#WATCH | Kaushambi, UP: A reported explosion occured at a firecracker manufacturing unit operating in the Pipri police station area.
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) August 31, 2026
About five people have been pulled out; emergency care is ongoing. Rescue teams and police forces remain on the spot. pic.twitter.com/fyoP0QLrcj
दो जिलों की टीमें मौके पर तैनात
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया. आसपास के दो जिलों की टीमों को भी मौके पर लगाया गया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि धमाके और आग की वजह से आसपास के करीब तीन घर भी प्रभावित हुए हैं. राहत टीम मलबे में किसी और व्यक्ति के फंसे होने की संभावना को देखते हुए तलाशी अभियान चला रही है.
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी में हुए पटाखा फैक्ट्री हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं.
उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं. हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच भी की जा रही है.
ये भी पढ़ें- हिमाचल से सिक्किम तक खतरे में सैकड़ो झीलें, फटीं तो मच सकती है भयंकर तबाही! सरकार ने शुरू की निगरानी