'दुनियाभर में पेट्रोल-डीजल संकट, भारत डटकर सामना कर रहा...' मन की बात में ईरान जंग पर बोले पीएम मोदी

नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह 11 बजे ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 132वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया.

Mann Ki Baat PM Modi spoke on Iran war and petrol-diesel crisis
Image Source: ANI

Mann Ki Baat: नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह 11 बजे ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 132वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया. अपने संबोधन में उन्होंने वैश्विक हालात, ऊर्जा संकट, खेल उपलब्धियों और जल संरक्षण जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तार से बात की.

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने कहा कि मार्च का महीना वैश्विक स्तर पर काफी उथल-पुथल भरा रहा है. उन्होंने याद दिलाया कि दुनिया पहले ही कोविड जैसी बड़ी महामारी से उबरने की कोशिश कर रही थी और उम्मीद थी कि अब विकास की नई राह खुलेगी.

लेकिन, अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार युद्ध और संघर्ष की स्थिति ने एक बार फिर वैश्विक स्थिरता को चुनौती दी है. उन्होंने कहा कि ऐसे समय में दुनिया को एकजुट होकर इन परिस्थितियों का सामना करना होगा.

पेट्रोल-डीजल संकट पर भारत की तैयारी

पीएम मोदी ने कहा कि जिस क्षेत्र में अभी युद्ध चल रहा है, वही इलाका दुनिया की ऊर्जा जरूरतों का बड़ा केंद्र है. इसी वजह से वैश्विक स्तर पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है और संकट की स्थिति बनती जा रही है.

उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत अपने मजबूत अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सहयोगी देशों के समर्थन और पिछले एक दशक में बढ़ी अपनी क्षमता के दम पर इस चुनौती का डटकर सामना कर रहा है. उन्होंने इसे चुनौतीपूर्ण समय बताते हुए कहा कि देश को मिलकर इस स्थिति से बाहर निकलना होगा.

अफवाहों से बचने की अपील

नरेंद्र मोदी ने खास तौर पर देशवासियों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों के बहकावे में न आएं.

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति करने से बचना चाहिए, क्योंकि यह 140 करोड़ लोगों के हित से जुड़ा विषय है. अफवाह फैलाने वाले देश को नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए लोगों को केवल सरकारी जानकारी पर भरोसा करना चाहिए और उसी के आधार पर निर्णय लेना चाहिए.

खेल जगत की उपलब्धियों का जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में खेल जगत की उपलब्धियों की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि यह महीना देश के खेल प्रेमियों के लिए उत्साह से भरा रहा.

भारत की टी20 विश्व कप में ऐतिहासिक जीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस सफलता ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया.

इसके अलावा उन्होंने कर्नाटक के हुबली में खेले गए रणजी ट्रॉफी मुकाबले का भी जिक्र किया, जहां जम्मू-कश्मीर की टीम ने करीब 70 साल बाद अपना पहला खिताब जीतकर इतिहास रचा.

उत्तर प्रदेश के एथलीट गुलवीर सिंह का भी उन्होंने विशेष उल्लेख किया, जिन्होंने न्यूयॉर्क सिटी हाफ मैराथन में तीसरा स्थान हासिल किया और एक घंटे से कम समय में रेस पूरी करने वाले पहले भारतीय बने.

मछुआरों और जल संरक्षण पर जोर

प्रधानमंत्री ने मछुआरों के जीवन में हो रहे सुधारों की भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि बंदरगाहों के विकास और बीमा जैसी योजनाओं से मछुआरों को काफी लाभ मिल रहा है.

इसके साथ ही उन्होंने जल संकट से निपटने के लिए देशभर में हो रहे प्रयासों की सराहना की. गांवों में सामुदायिक स्तर पर तालाबों की सफाई, वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण के काम तेजी से हो रहे हैं.

उन्होंने बताया कि ‘अमृत सरोवर’ अभियान के तहत देशभर में करीब 70 हजार सरोवर बनाए जा चुके हैं, जो जल संरक्षण में अहम भूमिका निभा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- अब हेलिकॉप्टर से लॉन्च होगा ड्रोन, भारतीय वायु सेना का 'वायु बाण' मिशन शुरू, हवा में करेगा सटीक हमला