बांदा, भारत24 डिजिटल डेस्क : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से दिल को दुखाने वाली खबर आ रही है. यहां पर एक पिता ने किन्हीं कारणों से आत्महत्या कर ली. यह अलग बात है कि आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट में पिता ने बेटे को संबोधित करते हुए लिखा है- 'पापा जैसा ना बनना बेटू'. दीवार पर यह सुसाइड नोट लिखने के बाद पिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. जान गंवाने वाले शख्स का नाम सोनू है और यह दर्दनाक मामला स्टेशन रोड स्थित लॉज के कमरे में हुआ. उसने यह भी लिखा था कि उसकी जिंदगी कुत्ते से भी बदतर हो गई थी, जिसके चलते उसे यह कदम उठाना पड़ा.
गैर महिला से था संबंध
सोनू ने लॉज की दीवार पर 'बेटू लव यू, अपने पापा की तरह कभी मत बनना... चलता हूं बेटू.' इसके बाद फांसी लगा दी. उधर, स्टाफ की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है. उधर, पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आत्महत्या की सूचना पर मौके पर पहुंचे सोनू के साले अमित ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने बताया तक 2 साल से अधिक समय से उसके बहनोई का किसी लड़की से चक्कर चल रहा था.
ढाई साल से नहीं आया था घर
इस बीच पिछले कुछ दिनों में बहनोई सोनू में सुधार आया था. वह संबंध भी खत्म कर चुका था. इस बीच मंगलवार को सोनू ने अमित को फोन किया था अपने बेटे से बात की थी. इसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है. घर में उसकी पत्नी पिंकी एक पुत्र व दो पुत्री परी और प्रिया है. उधर, कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है. परिवार के अनुसार, सोनू तीन बहनों में इकलौता भाई था. ढाई साल से घर नहीं आया था और बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करता था.
यह है पूरा मामला
बांदा शहर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन रोड पर कुमार लॉज के कमरे में फतेहपुर के दतौली गांव के रहने वाले सोम प्रकाश उर्फ सोनू ने चादर से पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. मंगलवार सुबह 10:00 बजे लॉजकर्मी कमरे में सफाई करने के लिए गया तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. शक होने पर पुलिस को बुलवाकर दरवाजा खुलवाया तो अंदर सोनू फांसी पर लटका मिला.
रिपोर्ट : अनवर रजा