रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग लगातार खतरनाक होती जा रही है. करीब चार साल से चल रही इस लड़ाई में दोनों देश एक-दूसरे पर लगातार मिसाइल और ड्रोन से हमले कर रहे हैं. अब रूस ने यूक्रेन के एक बड़े स्टील प्लांट पर मिसाइल हमला किया है. यह प्लांट भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल का है.
यूक्रेन के क्रिवी रीह शहर में मौजूद इस स्टील प्लांट पर हुए हमले में दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि 14 कर्मचारी घायल बताए जा रहे हैं. क्रिवी रीह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का गृह शहर भी है.
प्लांट की बिजली और उत्पादन पर असर
रूसी हमले में स्टील प्लांट की बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा स्टील बनाने वाली ब्लास्ट फर्नेस यूनिट भी प्रभावित हुई है. हमले के बाद प्लांट में उत्पादन का कुछ काम रोकना पड़ा.
फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि प्लांट को कुल कितना नुकसान हुआ है. कंपनी और स्थानीय अधिकारियों की ओर से नुकसान का पूरा आकलन किया जा रहा है.
रूस का यह हमला ऐसे वक्त हुआ जब यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों में बड़े स्तर पर ड्रोन हमले किए थे. ऐसे में माना जा रहा है कि रूस की कार्रवाई यूक्रेन के हमलों का जवाब हो सकती है.
यूक्रेन ने रूस पर सैकड़ों ड्रोन दागे
इससे पहले रविवार को यूक्रेन ने रूस के कई हिस्सों को ड्रोन से निशाना बनाया था. रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, रातभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन को रोका गया.
मॉस्को के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने इसे हाल के दिनों में हुए सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के अनुसार करीब 600 ड्रोन राजधानी की तरफ बढ़ रहे थे. इनमें से कई ड्रोन को मॉस्को क्षेत्र में ही नष्ट कर दिया गया.
83 साल के बुजुर्ग की मौत
मॉस्को क्षेत्र में एक ड्रोन के निजी घर पर गिरने से 83 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई. हमले में कई जगहों पर नुकसान की भी खबर सामने आई है.
गवर्नर वोरोब्योव ने बताया कि यूक्रेन के एक अन्य ड्रोन हमले के बाद वाइल्डबेरीज के एक गोदाम में आग लग गई. वाइल्डबेरीज रूस की बड़ी ऑनलाइन खरीदारी कंपनियों में शामिल है. इसका नियंत्रण अरबपति तात्याना किम के पास है.
रोस्तोव के तीन शहर भी निशाने पर
यूक्रेन के ड्रोन हमलों का असर रूस के रोस्तोव क्षेत्र में भी दिखाई दिया. यहां के तीन शहरों को निशाना बनाया गया. स्थानीय गवर्नर यूरी स्ल्यूसर के मुताबिक, इन हमलों में पांच लोगों की मौत हुई है.
उन्होंने बताया कि हमले में 150 से ज्यादा ड्रोन शामिल थे. कई घरों और एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा जंगल में भी आग लग गई, जिससे इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
रूस और यूक्रेन के बीच लगातार हो रहे इन हवाई हमलों से साफ है कि दोनों देशों के बीच तनाव अभी कम नहीं हुआ है. एक तरफ यूक्रेन रूस के इलाकों में ड्रोन हमले कर रहा है, वहीं रूस यूक्रेन के अहम ठिकानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है.
ये भी पढ़ें- ईरान के निशाने पर सऊदी-यूएई और बहरीन के शाही परिवार! ट्रंप का भी नाम शामिल, देखें मुज्तबा की हिट लिस्ट