Haryana IPS Transfers: हरियाणा में तीन आईपीएस अधिकारियों का दो दिन के अंतराल में ही दोबारा तबादला कर दिया गया है. वीरवार देर रात जारी नए आदेश के मुताबिक, पलवल की पुलिस अधीक्षक बनाई गईं मेघा भूषण अब पानीपत की एसपी होंगी.
वहीं, पानीपत की एसपी बनाई गईं दीप्ति गर्ग को अब पलवल की नई एसपी की जिम्मेदारी दी गई है. करनाल के एसपी नरेंद्र बिजारणिया को पहले करनाल से हटाकर एसटीएफ मुख्यालय में एसपी बनाया गया था, लेकिन अब उन्हें वहां से भी हटा दिया गया है. उन्हें प्रथम आईआरबी, भौंडसी का कमांडेंट बनाया गया है.
पूजा डाबला का तबादला आदेश रद्द
इसके साथ ही भौंडसी स्थित प्रथम आईआरबी में कार्यवाहक कमांडेंट बनाई गईं एचपीएस अधिकारी पूजा डाबला का तबादला आदेश भी रद्द कर दिया गया है. गृह सचिव सुधीर राजपाल ने वीरवार देर रात 29 आईपीएस और एक एचपीएस अधिकारी के तबादले के आदेश जारी किए थे. इसके बाद शनिवार को तबादलों की एक और सूची जारी की गई, जिसमें आठ आईपीएस और एक एचपीएस अधिकारी का स्थानांतरण किया गया.
गृह जिले में तैनाती के कारण बदला आदेश
डीसीपी झज्जर के पद से स्थानांतरित की गईं आईपीएस अधिकारी दीप्ति गर्ग पानीपत की मूल निवासी हैं. गृह जिले में तैनाती और प्रशासनिक नियमों के कारण उन्होंने पानीपत एसपी का पदभार ग्रहण नहीं किया था. इसके बाद सरकार ने मामले का संज्ञान लेते हुए तबादला आदेश में बदलाव किया और उन्हें पलवल का एसपी नियुक्त कर दिया.
कई अन्य अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी
मेघा भूषण इससे पहले डीसीपी ईस्ट, सोनीपत के पद पर तैनात थीं. उन्हें वीरवार को पलवल की एसपी बनाया गया था, लेकिन नए आदेश में अब उन्हें एसपी पानीपत की जिम्मेदारी दी गई है.
आईपीएस लोकेंद्र सिंह को एसपी सीआईडी-1 सुरक्षा और एटीएस के प्रभार से हटाकर एसपी राज्य अपराध ब्यूरो बनाया गया है. वहीं आईपीएस सुरिंदर सिंह भोरिया को एसपी एसटीएफ पंचकूला से हटाकर पांचवीं बटालियन एचएपी, मधुबन का कमांडेंट बनाया गया है.
वरुण सिंगला एसपी सीआईडी सुरक्षा के साथ एसपी आतंक निरोधी दस्ते यानी एटीएस का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे. विक्रांत भूषण को एसपी एसटीएफ से हटाकर हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, पंचकूला में एसपी नियुक्त किया गया है.
अमित यशवर्धन एसपी सुरक्षा सीआईडी के साथ एसपी कमांडो नेवल का अतिरिक्त कार्यभार देखेंगे. वहीं एसपीएस अनिल कुमार को एसपी एसटीएफ करनाल से हटाकर हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, करनाल का एसपी बनाया गया है.
ये भी पढ़ें- आतंकवाद पर भारत का करारा प्रहार, सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर को किया ढेर