मध्यप्रदेश के खली की रामभक्ति, अपने बालों से रथ खींचकर ले जाएंगे अयोध्या; 500 किलोमीटर से ज्यादा चलेंगे पैदल

मध्यप्रदेश के खली की रामभक्ति, अपने बालों से रथ खींचकर ले जाएंगे अयोध्या; 500 किलोमीटर से ज्यादा चलेंगे पैदल

दमोह, भारत 24 डिजिटल डेस्क: एक तरफ जहां पूरे देश में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्साह का माहौल है तो वहीं, दूसरी तरफ लोग राम मंदिर (Ram Mandir Ayodhya) के जरिए चर्चा का हिस्सा बन रहे हैं. कोई कांच के शीशे पर श्रीरामचरितमानस को उकेर रहा है, कोई रामलला के लिए पोशाक बना रहा है तो कोई अपने सिर पर लाखों की चरण पादुकाएं रखकर पैदल अयोध्या जा रहा है. इस बीच अब राष्ट्रीय चैनलों पर अपने कर्तव्य दिखाने वाले दमोह के बद्री विश्वकर्मा उर्फ खली बद्री बाबा (Badri Baba) अपने बालों से रथ को खींचकर अयोध्या श्रीराम मंदिर की पद यात्रा करेंगे. 

बालों से खींचेंगे रथ 

बद्री बाबा ने बताया कि 11 जनवरी को वह दोपहर 12.30 बजे बटियागढ़ श्रीराम के मंदिर से अयोध्या के लिए प्रस्थान करेंगे. रथ यात्रा को रवाना करने सवा लाख मानस पाठ के महंत श्री भगवान वेदांताचार्य बटियागढ़ पहुंच रहे हैं.  फिर बद्री बाबा 22 जनवरी 2024 तक अयोध्या पहुंच जाएंगे. उनके साथ इस यात्रा के दौरान प्रेरणा स्रोत मनोज देवलिया रहेंगे. एक दिन में वे लगभग 60 किलोमीटर पद यात्रा करेंगे. बता दें कि उन्होंने यह संकल्प राम मंदिर के शुभारंभ अवसर पर लिया है. 

दिखाए हैं हैरत अंगेज करतब 

बता दें बद्री विश्वकर्मा (Badri Vishwakarma) ने कई टीवी चैनलों में हैरत अंगेज करतब दिखाए हैं. उनके शरीर की ताकत के चलते ही लोग उन्हें खली के (Khali Badri Baba)  नाम से बुलाते हैं. क्योंकि अपने सीने पर पत्थर रखवाकर हथौड़े से ऐसे फुड़वाते हैं, जिसे देख हर कोई अचरज में पड़ जाता है. बद्री विश्वकर्मा के स्टंट बॉलीवुड अभिनेत्री किरण खेर, करण जौहर समेत कई फिल्मी कलाकार देख चुके हैं. 

रिपोर्ट-अटल राजेन्द्र जैन