LPG Booking New Rules: महंगाई और एलपीजी सप्लाई को लेकर चल रही चिंताओं के बीच गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले परिवारों के लिए राहत की खबर सामने आई है. केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में दूसरे एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग से जुड़े नियम में बदलाव किया है. अब ग्रामीण उपभोक्ताओं को दूसरे सिलेंडर के लिए 45 दिन तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि 25 दिन बाद ही दोबारा बुकिंग की जा सकेगी.
ग्रामीण इलाकों में बदला सिलेंडर बुकिंग नियम
नए नियम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पहला सिलेंडर लेने के 25 दिन बाद दूसरा सिलेंडर बुक कराया जा सकेगा. इससे ग्रामीण और शहरी इलाकों में सिलेंडर बुकिंग का अंतर खत्म हो गया है, क्योंकि शहरों में पहले से ही 25 दिन के अंतराल का नियम लागू था. ज्यादा खपत वाले परिवारों के लिए यह बदलाव खास तौर पर राहत देने वाला माना जा रहा है.
पहले 45 दिन करना पड़ता था इंतजार
इस बदलाव से पहले ग्रामीण उपभोक्ताओं को दूसरा सिलेंडर बुक कराने के लिए कम से कम 45 दिनों का इंतजार करना पड़ता था, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अवधि 25 दिन थी. ज्यादा गैस खपत वाले परिवारों के लिए लंबा इंतजार परेशानी का कारण बनता था. अब 25 दिन की समान समय सीमा लागू होने से ग्रामीण उपभोक्ताओं को भी पहले की तुलना में जल्दी दूसरा सिलेंडर मिल सकेगा.
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की है. उन्होंने आगे फेसबुक पोस्ट में लिखा, 'हालांकि, LPG सप्लाई की मौजूदा स्थिति में सुधार और रिफिल बैकलॉग में काफी कमी को देखते हुए केंद्र सरकार ने इस पाबंदी में ढील दी है. अब शहरी या ग्रामीण इलाके के सभी घरेलू LPG ग्राहक 25 दिन के अंतराल पर रिफिल बुक कर सकते हैं.'
मिडिल ईस्ट संकट के बीच राहत
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति को लेकर पहले से ही चिंताएं बनी हुई हैं. एलपीजी की सप्लाई और कीमतों को लेकर भी उपभोक्ताओं पर असर देखने को मिला है. ऐसे समय में बुकिंग की समय सीमा कम किए जाने से उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो खाना पकाने के लिए मुख्य रूप से एलपीजी पर निर्भर हैं. साथ ही, सरकार की ओर से PNG को बढ़ावा देने के लिए भी कई कदम उठाए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: 8th Pay Commission: चपरासी से लेकर अफसर तक की बढ़ेगी सैलरी! जानें फिटमेंट फैक्टर का पूरा कैलकुलेशन