Delhi Romance Scam: रणवीर सिंह की फिल्म Ladies vs Ricky Bahl में दिखाया गया था कि कैसे एक शख्स नकली पहचान बनाकर महिलाओं को प्यार के जाल में फंसाता है और उनसे पैसे ठग लेता है. अब ऐसा ही एक असली मामला सामने आया है. दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है, जो महिलाओं को रोमांस स्कैम और हनी ट्रैप के जरिए फंसाता था.
आरोपी की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला है. वह नकली वैवाहिक वेबसाइट और डेटिंग ऐप्स का इस्तेमाल करता था. पहले महिलाओं से दोस्ती करता, फिर भरोसा जीतकर उन्हें अपने जाल में फंसाता और बाद में ब्लैकमेल करता था.
Delhi | Cyber Police of South-West District has arrested a cyber fraudster who used to target women through dating and matrimonial apps. The accused has been identified as Anand Kumar, a resident of West Bengal, who had been involved in honey-trapping, romance scams, and… pic.twitter.com/Df24YAT5u0
— ANI (@ANI) April 16, 2026
कैसे करता था ठगी
यह ठग महिलाओं से भावनात्मक रिश्ता बनाता था. कुछ ही दिनों में प्यार जताने लगता और फिर अलग-अलग बहाने से पैसे मांगता था. कभी कहता कि वह मुसीबत में है, कभी टिकट या वीजा के लिए पैसे मांगता. कई मामलों में उसने महिलाओं के बैंक खातों से भी पैसे निकलवा लिए. इस तरह वह लोगों की जमा पूंजी तक हड़प लेता था.
क्या होता है रोमांस स्कैम
रोमांस स्कैम एक तरह की साइबर ठगी है. इसमें ठग सोशल मीडिया या डेटिंग ऐप्स के जरिए लोगों से जुड़ते हैं. वे अपनी पहचान छिपाकर भरोसा जीतते हैं और फिर पैसे या निजी जानकारी मांगते हैं. कई बार गिफ्ट भेजने के बहाने पता और बैंक डिटेल भी ले लेते हैं.
कैसे पहचानें ऐसे ठग
ऐसे फर्जी अकाउंट अक्सर बहुत परफेक्ट दिखते हैं. उनकी प्रोफाइल फोटो मॉडल जैसी होती है और अकाउंट नया या कम एक्टिव होता है. वे जल्दी इमोशनल कनेक्शन बनाने की कोशिश करते हैं और कुछ ही दिनों में प्यार का इजहार कर देते हैं. कई बार खुद को विदेश में रहने वाला बताते हैं.
कैसे बचें
अगर कोई जल्दी पैसे मांगने लगे तो सावधान हो जाएं. ऐसे लोगों पर भरोसा करने से पहले वीडियो कॉल करें और सही जानकारी जांचें. किसी को भी अपनी बैंक डिटेल या पैसे न दें. अगर शक हो तो तुरंत उस व्यक्ति को ब्लॉक करें. साथ ही इसकी शिकायत सरकारी साइबर अपराध पोर्टल पर करें.
ये भी पढ़ें- Women Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल पर पहली जीत! विपक्ष को बड़ा झटका!