खो गया था पूरा शहर, अब 3,500 साल बाद पेरू में मिला; जानिए क्या है पूरा मामला

    दक्षिण अमेरिकी देश पेरू से एक महत्वपूर्ण और चमत्कारी पुरातात्विक खोज सामने आई है, जो इतिहास प्रेमियों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है.

    lost city found in Peru after 3500 years
    प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo: Freepik

    दक्षिण अमेरिकी देश पेरू से एक महत्वपूर्ण और चमत्कारी पुरातात्विक खोज सामने आई है, जो इतिहास प्रेमियों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है. पेरू के बरांका प्रांत में एक प्राचीन शहर की खोज की गई है, जिसे पेनिको के नाम से जाना जा रहा है. इस शहर का इतिहास लगभग 3,500 साल पुराना बताया जा रहा है और माना जा रहा है कि यह शहर अपने समय में एक महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र हुआ करता था. इस खोज से पेरू की प्राचीन सभ्यताओं और उनके व्यापारिक संबंधों के बारे में नई जानकारी मिल सकती है.

    पेनिको: प्राचीन व्यापारिक केंद्र

    यह प्राचीन शहर पेरू की राजधानी लीमा से 200 किमी उत्तर में स्थित है और समुद्र तल से लगभग 600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. पेनिको का स्ट्रक्चर कुछ इस तरह से है कि इसका केंद्र एक गोल आकार का ढांचा है और यह एक पहाड़ी पर बसा हुआ है. इसके चारों ओर पत्थर और मिट्टी की बनी इमारतें हैं, जो शहर की प्राचीनता और इसका ऐतिहासिक महत्व दिखाती हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यह शहर लगभग 1,800 और 1,500 ईसा पूर्व के बीच अस्तित्व में था, जबकि उसी समय दुनिया के अन्य हिस्सों जैसे अरब, एशिया और मिस्र में भी सभ्यताएं विकसित हो रही थीं.

    पेनिको की खोज में मिले खजाने

    यह खोज पिछले आठ वर्षों में की गई और इस दौरान 18 इमारतों का पता चला है, जिनमें मंदिर और घर शामिल हैं. इन संरचनाओं में बहुत सी महत्वपूर्ण चीजें भी मिली हैं, जिनमें मिट्टी की मूर्तियां और सीपियों से बने हार प्रमुख हैं. इन पुरानी वस्तुओं से यह संकेत मिलता है कि यह शहर न केवल एक व्यापारिक केंद्र था, बल्कि यहां सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियां भी बहुत महत्वपूर्ण रही होंगी.

    कैरल सभ्यता: प्राचीनतम सभ्यता की छाया

    पेनिको शहर की खोज खास इसलिए भी है क्योंकि यह शहर अमेरिका की प्राचीनतम सभ्यता मानी जाने वाली कैरल सभ्यता के पास स्थित है. कैरल सभ्यता को 5,000 साल पहले पेरू की सुपे घाटी में विकसित माना जाता है और यह अमेरिका के इतिहास में एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है. विशेषज्ञों का कहना है कि पेनिको का यह शहर कैरल सभ्यता के समकालीन था, जो कि एकदम अलग-थलग तरीके से विकसित हुई थी, जैसा कि मिस्र, सुमेर, भारत और चीन की सभ्यताओं का हुआ करता था.

    कैरल सभ्यता में 32 प्रमुख स्मारक पाए गए हैं, जिनमें पिरामिड, सिंचाई प्रणाली और एक पूरा शहर शामिल हैं. इस सभ्यता की विशेषता यह थी कि यह जलवायु परिवर्तन के कारण खत्म हो गई थी, जैसा कि डॉक्टरो ने अपनी रिसर्च में बताया. यह सभ्यता अपने समय में बेहद उन्नत थी, और यह उस समय के अन्य प्राचीन समाजों से भिन्न थी, क्योंकि यह पूरी तरह से अपने हिसाब से विकसित हुई थी.

    ये भी पढ़ेंः भारत का 1.30 लाख करोड़ वाला प्लान क्या है, जिससे समंदर पर राज करेगा देश; जानिए पूरी डिटेल