Lawrence Bishnoi vs Rohit Godara: भारत के गैंगस्टर वॉर ने अब अंतरराष्ट्रीय रंग ले लिया है. लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा के बीच की पुरानी दुश्मनी अब और भी खतरनाक रूप में सामने आ रही है. सोशल मीडिया पर धमकियों का दौर शुरू हो चुका है और हाल ही में अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में हुई एक फायरिंग की घटना ने इस गैंगवार को और भी भड़काया है.
कथित तौर पर कैलिफ़ोर्निया के हाईवे 41 के पास लॉरेंस बिश्नोई के करीबी हैरी बॉक्सर पर हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा घायल होकर अस्पताल में भर्ती है. इस हमले के पीछे खुद रोहित गोदारा और गोल्डी बरार ने सोशल मीडिया पोस्ट में जिम्मेदारी ली है.
गोदारा की धमकी साफ थी: "हरि बॉक्सर को दुनिया के किसी भी कोने में छिपा दें, हम उसे नहीं छोड़ेंगे!" पोस्ट में यहां तक लिखा गया कि बॉक्सर हमले के वक्त “कार की सीट के नीचे छिप गया” और “कायरता” दिखाई.
वायरल ऑडियो में आरजू बिश्नोई और हैरी बॉक्सर की जवाबी चेतावनी
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हो गया जिसमें आरजू बिश्नोई और हैरी बॉक्सर खुलेआम रोहित गोदारा को बदले की धमकी दे रहे हैं. आरजू बिश्नोई का कहना था, "हम गोली से जवाब देंगे." वहीं, हैरी बॉक्सर ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि घटना वाली जगह पर वह गया ही नहीं था. उसका दावा है कि एक निर्दोष ट्रक ड्राइवर को मार दिया गया और झूठे आरोप लगाकर उसे भागा हुआ बताया गया. हैरी का ने कहा, "इनकी सात पीढ़ी लग जाएगी हमारे लेवल पर आने में. लॉरेंस भाई जिसे बना सकता है, उसे गिरा भी सकता है."
सोशल मीडिया बना मैदान-ए-जंग
ये पूरा मामला अब सोशल मीडिया पर ही लड़ा जा रहा है, पोस्ट, ऑडियो क्लिप्स, धमकियाँ और आरोप. जहां गोदारा खुद को न्याय के रक्षक के तौर पर पेश कर रहा है, वहीं बिश्नोई गुट इसे एक "साजिश" और "पब्लिसिटी स्टंट" बता रहा है. दोनों ओर से खुली चेतावनी दी जा रही है कि यह लड़ाई यहीं खत्म नहीं होगी.
गैंगवार अब वैश्विक मुद्दा?
जिस तरह यह संघर्ष भारत से निकलकर अमेरिका की सड़कों तक पहुंच गया है, यह मामला अब महज़ एक आपराधिक टकराव नहीं रह गया है. इसमें अंतरराष्ट्रीय कानून व्यवस्था, डिप्लोमैटिक रिश्ते और ग्लोबल सिक्योरिटी जैसे मुद्दे भी जुड़ते जा रहे हैं.
अमेरिकी पुलिस के लिए अब चुनौती है कि वह इस गैंगवार की परतों को खोले और जांच करे कि इस हमले के पीछे कौन है, वाकई हैरी बॉक्सर निशाना था या फिर कोई मासूम इस गैंग राजनीति का शिकार बन गया?
यह भी पढ़ें- क्या है निमोनिया और कैसे फैलता है यह वायरल? जानें इसके लक्षण और बचाव के घरेलू उपाय