कैसे मिलता है पूर्ण राज्य का दर्जा? लोगों को मिलती हैं ये सुविधाएं, क्यों लद्दाख में उठ रही इसकी मांग?

Ladakh Statehood: लद्दाख में केंद्र शासित प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग तेज हो रही है. लेह में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं, जिनमें लोगों का कहना है कि लद्दाख को छठे शेड्यूल के तहत विशेष दर्जा और साथ ही पूर्ण राज्य का दर्जा मिलना चाहिए.

Ladakh Demand for Full Statehood Meaning and Benefits Explained
Image Source: ANI

Ladakh Statehood: लद्दाख में केंद्र शासित प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग तेज हो रही है. लेह में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं, जिनमें लोगों का कहना है कि लद्दाख को छठे शेड्यूल के तहत विशेष दर्जा और साथ ही पूर्ण राज्य का दर्जा मिलना चाहिए. लेकिन सवाल यह उठता है कि पूर्ण राज्य बनने के बाद वहां के लोगों को वास्तव में क्या लाभ मिलेंगे? आइए इस मुद्दे को विस्तार से समझते हैं.

पूर्ण राज्य का दर्जा क्या होता है?

पूर्ण राज्य का दर्जा किसी केंद्र शासित प्रदेश को राजनीतिक और प्रशासनिक रूप से अधिक स्वतंत्रता प्रदान करता है. इसका मतलब है कि प्रदेश की अपनी विधानसभा, मुख्यमंत्री और सरकार होगी, जो स्थानीय स्तर पर निर्णय ले सकेगी. जबकि केंद्र शासित प्रदेशों में मुख्य रूप से केंद्र सरकार का नियंत्रण होता है, पूर्ण राज्य बनने पर अधिकांश विषयों पर कानून बनाने और लागू करने का अधिकार राज्य को मिल जाता है. हालांकि, रक्षा, विदेश नीति और मुद्रा जैसे मामलों पर केंद्र सरकार का अधिकार बना रहता है.

राज्य बनने की प्रक्रिया कैसे होती है?

भारतीय संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत संसद को नए राज्य बनाने या मौजूदा राज्यों के पुनर्गठन का अधिकार प्राप्त है. इस प्रक्रिया में सबसे पहले स्थानीय या राजनीतिक स्तर पर मांग उठती है. इसके बाद केंद्र सरकार इस प्रस्ताव की समीक्षा करती है और राष्ट्रपति के समक्ष प्रस्ताव रखती है. अंत में संसद में पुनर्गठन विधेयक पेश किया जाता है, जिसे दोनों सदनों से मंजूरी मिलने के बाद नया राज्य बनता है.

पूर्ण राज्य बनने से लद्दाख को क्या लाभ होंगे?

पूर्ण राज्य बनने के बाद लद्दाख अपनी सामाजिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक जरूरतों के अनुसार कानून और नीतियां बना सकेगा. शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र स्थानीय सरकार के नियंत्रण में आ जाएंगे. इसके अलावा राज्य अपने कर संग्रह और संसाधनों के प्रबंधन में भी स्वतंत्र होगा. राज्य बनने के बाद लद्दाख के लोगों को न केवल संसद में, बल्कि अपनी विधानसभा में भी बेहतर प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे उनकी आवाज़ राष्ट्रीय स्तर पर और भी प्रभावशाली होगी. कुल मिलाकर केंद्र पर निर्भरता कम हो जाएगी और स्थानीय विकास में तेजी आएगी.

ये भी पढ़ें: कौन है मोस्ट वॉन्टेड आतंकी परमिंदर सिंह पम्मी, जिसे UAE से लाया गया भारत? जानें उसकी पूरी कुंडली