PM Kisan 22nd Installment: किसान परिवारों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (13 मार्च) को असम के गुवाहाटी से एक रिमोट का बटन दबाकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 22वीं किस्त जारी की. इस किस्त के तहत देशभर के लगभग 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में कुल 18,640 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई है. इस योजना के तहत किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता का यह एक और बड़ा कदम है.
पीएम किसान योजना का अब तक का सफर
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 2019 में हुई थी और इसके बाद से किसानों को लगातार आर्थिक सहायता मिल रही है. योजना के तहत अब तक कुल 4.27 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि एलिजिबल किसानों के खातों में भेजी जा चुकी है. 21वीं किस्त तक 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी थी, और अब 22वीं किस्त के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 4.27 लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है.