Khesari Lal Yadav On Jyoti Singh: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. उनकी पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहा विवाद अब सार्वजनिक हो गया है और सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है. मामला उस समय और गरमा गया जब ज्योति सिंह ने हाल ही में सुसाइड करने तक की बात कही. वहीं, इस मुद्दे पर अभिनेता खेसारी लाल यादव का रिएक्शन भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है.
पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने लिखा कि वह लखनऊ स्थित पवन सिंह के घर उनसे मिलने जाएंगी. उनका कहना था कि वह उम्मीद लेकर जा रही हैं कि उनके पति उनसे मुलाकात करेंगे. लेकिन हालात इसके विपरीत निकले. ज्योति सिंह के मुताबिक, उन्हें घर में प्रवेश तक नहीं दिया गया. उन्होंने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें यह दिखा कि घर के बाहर पुलिस मौजूद थी. वीडियो में ज्योति ने यह भी आरोप लगाया कि पवन सिंह ने उनके खिलाफ FIR दर्ज करवाई है.
ज्योति सिंह का भावुक वीडियो वायरल
ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक और इमोशनल वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह रोते हुए कहती नजर आईं कि उन्हें लगातार बेइज्जत किया जा रहा है. उनका दावा है कि यह स्थिति उन्हें मानसिक रूप से टूटने की ओर ले जा रही है.
वीडियो में ज्योति कहती दिखीं, "उन्होंने मुझे पागल कर दिया है. मैं अपनी जान दे दूंगी. इसी घर में जान देकर मरूंगी. अगर थाने गई, तो वहां से जिंदा नहीं निकलूंगी." इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है और फैंस ने इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं.
खेसारी लाल यादव का बयान
इस विवाद पर भोजपुरी इंडस्ट्री के एक और बड़े स्टार खेसारी लाल यादव का रिएक्शन वीडियो वायरल हो गया है. वीडियो में वह ज्योति सिंह के पक्ष में बोलते नजर आते हैं.
उन्होंने कहा, "भाभी ने इतना बड़ा अपराध नहीं किया है. आप इतने लोगों को माफ कर सकते हैं, तो उन्हें भी माफ कीजिए." खेसारी ने आगे कहा, "हम चाहते हैं कि हमारे घर में भतीजा आए. वो मेरी बहन नहीं है, लेकिन एक बेटी है. जब मैं उस महिला को अपनी बेटी के नजरिए से देखता हूं, तो सोचता हूं, अगर मेरी बेटी के साथ ऐसा होता तो, इंसान किस हद तक गिर सकता है. दया आती है भाभी पर."
"पवन सिंह का सम्मान करते हैं"
उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि वह पवन सिंह का सम्मान करते हैं, लेकिन उनकी गलतियों पर पर्दा नहीं डाल सकते. उन्होंने आगे कहा, "मैं पवन सिंह से बहुत प्यार करता हूं, लेकिन उनकी गलतियों पर पर्दा नहीं डाल सकता. मैं उनका चमचा नहीं हूं, न ही चाटुकारिता करता हूं. पवन सिंह मेरा घर नहीं चलाते कि मैं कहूं आप बहुत बढ़िया कर रहे हैं. नहीं, आप बिल्कुल सही नहीं कर रहे हैं. जो गलत है, वो गलत है ही."
यह भी पढ़ें- फ्रांस में एक साल के भीतर चौथे प्रधानमंत्री का इस्तीफा, क्यों नहीं टिक पाए सेबास्टियन लेकोर्नु?