इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर केविन पीटरसन इन दिनों अपने नए देसी अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर उनकी कुछ तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, जिनमें वह मशहूर वेब सीरीज ‘पंचायत’ के काल्पनिक गांव फुलेरा में नजर आ रहे हैं. माथे पर गमछा, कुर्ता और जैकेट पहने पीटरसन को इस अंदाज में देखकर फैंस भी हैरान रह गए. ऐसे में सवाल उठने लगा कि क्या क्रिकेट के बाद अब पीटरसन बॉलीवुड में भी कदम रखने जा रहे हैं?
दरअसल, केविन पीटरसन अमेजन प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन से जुड़े एक खास प्रमोशनल कैंपेन का हिस्सा बने हैं. इस कैंपेन की झलक सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं.
फुलेरा में दिखा केविन पीटरसन का देसी अंदाज
अमेजन प्राइम वीडियो इंडिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस खास कैंपेन का एक मजेदार टीजर शेयर किया है. इसमें पीटरसन ‘पंचायत’ के लोकप्रिय किरदारों के साथ नजर आ रहे हैं. फुलेरा गांव के माहौल में उनका देसी अवतार फैंस को खूब पसंद आ रहा है.
एक तस्वीर में पीटरसन बाइक पर बनराकस यानी भूषण और बिनोद के बीच बैठे दिखाई दे रहे हैं. उनका गंभीर अंदाज इस पूरे सीन को और मजेदार बना रहा है. वहीं, प्रधान जी समेत शो के दूसरे चर्चित किरदारों के साथ उनकी मौजूदगी ने इस प्रमोशनल कैंपेन को खास बना दिया है.
Wait...what is Kevin Pietersen doing in Phulera?👀 Find out tomorrow, 12 PM #PanchayatOnPrime, New Season, Dec 3 https://t.co/Zb4G8twWlA
— prime video IN (@PrimeVideoIN) November 27, 2026
केविन पीटरसन ने लिखा- Oh hello, Bollywood
इस कैंपेन की झलक सामने आने के बाद केविन पीटरसन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर किया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'Oh hello, Bollywood'. उनका यह पोस्ट देखते ही भारतीय फैंस ने कमेंट सेक्शन में मजेदार प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं.
कोई ‘पंचायत’ के मशहूर डायलॉग का इस्तेमाल करते हुए लिख रहा है, 'देख रहा है बिनोद, अब फुलेरा में केविन पीटरसन भी आ रहे हैं', तो कोई उनके गमछे वाले लुक की तारीफ कर रहा है. सोशल मीडिया पर इस क्रॉसओवर को लेकर मीम्स भी खूब बनाए जा रहे हैं.
Oh hello, Bollywood 🤟🏻 https://t.co/IfQzoCWWNc
— Kevin Pietersen🦏 (@KP24) November 27, 2026
कब रिलीज होगा ‘पंचायत 5’ का प्रमोशनल वीडियो?
यह वीडियो ‘पंचायत सीजन 5’ के प्रचार के लिए तैयार किए गए खास कैंपेन का हिस्सा है. मेकर्स के मुताबिक, इस प्रमोशनल वीडियो का पूरा वर्जन 28 नवंबर को दोपहर 12 बजे रिलीज किया जाना है. इसमें केविन पीटरसन और फुलेरा के किरदारों की पूरी जुगलबंदी देखने को मिलेगी.
वहीं, सीरीज के पांचवें सीजन को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है. दी गई जानकारी के मुताबिक, ‘पंचायत 5’ आगामी 3 दिसंबर 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने वाला है.
यह भी पढ़ें: न गोल्ड चेन, न डायमंड हार... कृति सेनन ने गले में पहन लिया स्पाइन डिजाइन वाला नेकपीस