जिस वकील ने दिलाई थी कसाब को फांसी, अब केतन को दिलाएंगे न्याय, सीएम फडणवीस का बड़ा ऐलान

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब बड़ा फैसला लिया गया है. 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब के खिलाफ केस लड़ने वाले वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम अब इस मामले में पीड़ित परिवार की ओर से न्याय की लड़ाई लड़ेंगे.

Ketan Agarwal Murder Case Ujjwal Nikam death penalty for Kasab fast-track trial ordered
Image Source: Social Media

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब बड़ा फैसला लिया गया है. 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब के खिलाफ केस लड़ने वाले वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम अब इस मामले में पीड़ित परिवार की ओर से न्याय की लड़ाई लड़ेंगे. महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें इस केस का स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त किया है.

सीएम फडणवीस ने दिए फास्ट-ट्रैक ट्रायल के आदेश

केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने हाल ही में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर बेटे के लिए जल्द न्याय की मांग की थी. इसके बाद मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने के निर्देश दिए. सीएम ने परिवार को भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और न्याय दिलाने में सरकार कोई कमी नहीं छोड़ेगी.

उज्ज्वल निकम बने स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर

केतन के परिवार ने मांग की थी कि इस मामले में वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर बनाया जाए. मुख्यमंत्री ने इस मांग को तुरंत मंजूरी दे दी और कानून एवं न्याय विभाग को जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए. उज्ज्वल निकम ने भी इस केस में स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के रूप में जिम्मेदारी संभालने के लिए अपनी सहमति दे दी है.

कसाब केस में निभाई थी अहम भूमिका

उज्ज्वल निकम देश के जाने-माने आपराधिक मामलों के वकीलों में गिने जाते हैं. उन्होंने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब के खिलाफ सरकार की ओर से केस लड़ा था. उनकी मजबूत पैरवी के बाद कसाब को अदालत ने फांसी की सजा सुनाई थी, जिसे बाद में लागू भी किया गया. अब वही वरिष्ठ वकील केतन अग्रवाल हत्याकांड में भी सरकार की ओर से अदालत में पैरवी करेंगे.

क्या है केतन अग्रवाल हत्याकांड?

केतन अग्रवाल की मौत के मामले में उनकी मंगेतर सिया गोयल पर हत्या का आरोप है. जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोप है कि सिया ने महाराष्ट्र के लोहागढ़ किले से धक्का देकर केतन की हत्या की. इस मामले की जांच जारी है और अब फास्ट-ट्रैक कोर्ट में जल्द सुनवाई होने की उम्मीद है. परिवार को उम्मीद है कि तेज सुनवाई और वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम की पैरवी से उन्हें जल्द न्याय मिलेगा.

ये भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए थे 6 भारतीय जवान, पहली बार पहचान आई सामने, इस जगह लगेगा नाम