OTT पर इस दिन रिलीज होगी केसी बोकाडिया की फिल्म 'तीसरी बेगम', रियल लाइफ घटना से है प्रेरित

हिंदी सिनेमा के दिग्गज निर्माता-निर्देशक के. सी. बोकाडिया की चर्चित फिल्म ‘तीसरी बेगम’ अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों से रूबरू होने जा रही है.

KC Bokadia film Teesri Begum to release on OTT
Image Source: Social Media

मुंबई: हिंदी सिनेमा के दिग्गज निर्माता-निर्देशक के. सी. बोकाडिया की चर्चित फिल्म ‘तीसरी बेगम’ अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों से रूबरू होने जा रही है. सिनेमाघरों में सराहनीय प्रदर्शन के बाद यह फिल्म 18 जुलाई 2026 से WAVES OTT पर स्ट्रीम होगी.

तेरी मेहरबानियाँ, प्यार झुकता नहीं, नसीब अपना अपना, आज का अर्जुन और फूल बने अंगारे जैसी सुपरहिट फिल्मों के निर्माता-निर्देशक के. सी. बोकाडिया ने इस फिल्म के माध्यम से एक संवेदनशील सामाजिक मुद्दे को उठाया है. जरीना वहाब, मुग्धा गोडसे और कायनात अरोड़ा अभिनीत ‘तीसरी बेगम’ महिला सशक्तिकरण, आत्मसम्मान और सामाजिक जागरूकता का सशक्त संदेश देती है.

फिल्म की कहानी के बारे में बताते हुए के. सी. बोकाडिया ने कहा कि यह एक वास्तविक घटना से प्रेरित है. उन्होंने बताया, “एक कार्यक्रम में एक व्यक्ति ने बड़े गर्व से मुझे अपनी पहली, दूसरी और तीसरी पत्नी से मिलवाया. तीनों अलग-अलग समुदायों से थीं. तीसरी पत्नी के चेहरे पर जो झिझक और दर्द मैंने देखा, उसने मुझे भीतर तक झकझोर दिया. उसी क्षण मैंने इस विषय पर फिल्म बनाने का निर्णय लिया और तीसरी बेगम की शुरुआत हुई.”

भारतीय सिनेमा के कई दिग्गज सितारों के साथ काम कर चुके बोकाडिया ने अपने लंबे करियर में अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, राजेश खन्ना, विनोद खन्ना, हेमा मालिनी, शाहरुख खान, सलमान खान, सैफ अली खान, माधुरी दीक्षित, ऐश्वर्या राय, अक्षय कुमार, सनी देओल, अजय देवगन और प्रियंका चोपड़ा सहित अनेक सुपरस्टार्स का निर्देशन किया है.

बोकाडिया का कहना है कि ‘तीसरी बेगम’ केवल एक फिल्म नहीं बल्कि समाज के लिए एक आईना है, जो महिलाओं की स्थिति और उनके अधिकारों पर गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित करती है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सिनेमाघरों की तरह OTT दर्शक भी इस फिल्म को भरपूर प्यार देंगे.

गौरतलब है कि के. सी. बोकाडिया की आगामी फिल्म ‘तेरी मेहरबानियाँ 2’ अगस्त 2026 में रिलीज होने वाली है. वहीं उनका नया टीवी धारावाहिक ‘संस्कार’ भी जल्द प्रसारित किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: रिलीज से पहले ही छाई 'द ओडिसी', पहले दिन कर सकती है बड़ी कमाई, क्या टूटेगा 'ओपेनहाइमर' का रिकॉर्ड?