कहीं आप टाइम ट्रैवलर तो नहीं? इशित की परफॉमेंस के बाद VIRAL हुआ 3 साल पुराना ऐड

कौन बनेगा करोड़पति के मंच पर हाल ही में आए 10 वर्षीय इशित भट्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए थे. वजह थी उनका ज़रूरत से ज़्यादा आत्मविश्वास, जो कई लोगों को ओवर कॉन्फिडेंस लगा.

Kaun Banega Crorepati Ishit Bhatt performance three year old video viral
Image Source: Social Media

कौन बनेगा करोड़पति के मंच पर हाल ही में आए 10 वर्षीय इशित भट्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए थे. वजह थी उनका ज़रूरत से ज़्यादा आत्मविश्वास, जो कई लोगों को ओवर कॉन्फिडेंस लगा. शो के दौरान उन्होंने होस्ट अमिताभ बच्चन को पूरा सवाल और ऑप्शंस तक बोलने का मौका नहीं दिया और बीच में ही जवाब देने की हड़बड़ी दिखाई. यही जल्दबाज़ी उन्हें एक आसान सवाल पर भारी पड़ गई, जिससे वे गलत उत्तर दे बैठे.

इस घटना के बाद, अब ‘केबीसी’ का एक तीन साल पुराना विज्ञापन वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ ऐसा ही व्यवहार दिखाया गया था.

तीन साल पुराना ऐड, लेकिन आज भी उतना ही प्रासंगिक

वायरल हो रहा यह विज्ञापन कोई नया नहीं, बल्कि तीन साल पुराना है. इसमें अभिनेता गगन अरोड़ा एक 20 वर्षीय कंटेस्टेंट की भूमिका में हैं, जो अमिताभ बच्चन के सवाल का जवाब बिना ऑप्शंस सुने ही दे देता है. आत्मविश्वास में चूर गगन जैसे ही अपना जवाब लॉक करने को कहते हैं, वह गलत साबित होता है. इस ऐड में यही संदेश था कि ओवर कॉन्फिडेंस कभी-कभी नुकसानदायक हो सकता है  और यही बात इशित के व्यवहार से जुड़कर फिर से सामने आ रही है.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Neeraj (@neerajsiingh__)

इशित भट्ट की याद दिला गया पुराना वीडियो

विज्ञापन को इंस्टाग्राम यूज़र नीरज सिंह ने शेयर किया, जिन्होंने दावा किया कि उन्होंने ही यह विज्ञापन लिखा था. वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि “तीन साल पहले मैंने यह ऐड केबीसी के लिए लिखा था. आज 10 साल का इशित भट्ट उसी मंच पर आकर उस कल्पना को जी रहा है, जो मैंने कभी एक 20 साल के लड़के के लिए की थी. ज़िंदगी कल्पना से भी अजीब हो चुकी है. आने वाले सालों में पेरेंटिंग शायद सबसे बड़ी चुनौती होगी.”

यूज़र्स की प्रतिक्रियाएं भी हैं दिलचस्प

इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूज़र्स ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दी हैं. एक यूज़र ने लिखा, “भाई पहले ही लोगों को चेतावनी दे रहा था, लेकिन किसी ने सुना ही नहीं.” दूसरे ने चुटकी ली, “क्या पता इशित ने यही ऐड देखकर प्रेरणा ली हो.” एक और यूज़र ने कमेंट किया, “भाई, आप टाइम ट्रैवलर तो नहीं हो?”

यह भी पढ़ें: इसे मेरी आखिरी वॉर्निंग समझना, अमाल मलिक को सलमान खान ने दी चेतावनी