कानपुर, भारत 24 डिजिटल डेस्क: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. ठंड से लोगों का हाल बेहाल है. ठंड से बचने के लिए ज्यादातर लोग घर में अंगीठी का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन ट्रेन में यात्रा कर रहे किसान नेताओं को इतनी ठंड सताई कि एसी कोच में ही अंगीठी (Bonfire in Train) जला ली. किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर रेल मंत्री को भेज दिया. जिसके बाद ट्रेन को झींझक स्टेशन के पास रोककर चेकिंग की गई.
किसान नेताओं ने ट्रेन में जला दी अंगीठी
मेरठ से प्रयागराज जा रही संगम एक्सप्रेस (Fire in Sangam Express) के एसी कोच में उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ लोगों ने ठंड से बचने के लिए अंगीठी जला दी. सूचना मिलते ही डिप्टी सीडीएम, जीआरपी और आरपीएफ पुलिस बल ने प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर ट्रेन रोककर चेकिंग की. रेल अधिकारियों के अनुसार किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुशाल पाल आर्या और गौरव आर्या टिकैत अपने 100 से अधिक समर्थकों के साथ यात्रा कर रहे थे.
आग किसने जलाई थी?
मिली जानकारी के मुताबिक, जाचं के बाद किसान नेताओं को समझाया और बताया गया कि यह पूरी तरीके से कानून का उल्लंघन करना है. सभी को हिदायत देकर ट्रेन को आगे जाने की अनुमति दी गई. फिलहाल आग किसने जलाई थी इसका पता नहीं चल पाया है. मामले में उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) का कहना है कि इस संबंध में संबंधित यात्री की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ कार्रवाई कर FIR दर्ज की जाएगी.