कैंची धाम स्थापना दिवस 2026: 13 से 16 जून तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू, प्रशासन ने जारी किया रूट प्लान

Kainchi Dham Foundation Day: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम देश और विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. इस आश्रम की स्थापना बाबा नीम करौली महाराज ने वर्ष 1964 में की थी.

Kainchi Dham Foundation Day 2026 Special traffic arrangements in effect from June 13 to 16
Image Source: Social Media

Kainchi Dham Foundation Day: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम देश और विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. इस आश्रम की स्थापना बाबा नीम करौली महाराज ने वर्ष 1964 में की थी. 

हर साल 15 जून को स्थापना दिवस के अवसर पर यहां विशाल धार्मिक आयोजन होता है, जिसमें भारत सहित कई देशों से श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस वर्ष श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने 13 जून से 16 जून तक विशेष ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है.

बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था

दिल्ली-एनसीआर, देहरादून, हरिद्वार, मुरादाबाद और अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों को विभिन्न डायवर्जन मार्गों से निर्धारित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा. वहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा.

स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों के लिए ट्रैफिक प्लान

रामनगर, कालाढूंगी और न्यागांव क्षेत्र से आने वाले वाहनों को आरटीओ रोड तिराहा और भीमताल मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा. लालकुआं और बरेली रोड से आने वाले वाहनों को गोलापार और काठगोदाम की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वहीं नैनीताल, ज्योलीकोट, घोड़ाखाल और मुक्तेश्वर क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भवाली और अन्य निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा.

अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले यात्रियों के लिए निर्देश

अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को खैरना पार्किंग में रोका जाएगा. इसके बाद यात्रियों को शटल बसों के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा. हल्द्वानी की दिशा में जाने वाले वाहनों को भीमताल, खुटानी बैंड और नथुवाखान जैसे वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा.

भारी माल वाहनों की आवाजाही पर रहेगा प्रतिबंध

प्रशासन के अनुसार 13 जून रात 11 बजे से 14 जून सुबह 6 बजे तक तथा 14 जून सुबह 11 बजे से 16 जून रात 11 बजे तक भारी माल वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी. हालांकि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्धारित अनुमति और समय सीमा के तहत संचालन की छूट दी जा सकती है.

बसों और सार्वजनिक परिवहन के लिए नई व्यवस्था

13 जून को रोडवेज बसों का संचालन सामान्य रहेगा. लेकिन 14 जून दोपहर 2 बजे से 16 जून दोपहर 12 बजे तक भीड़ बढ़ने की स्थिति में बसों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा. इसके अलावा 13 जून रात 8 बजे से 16 जून शाम 4 बजे तक टैक्सी, बाइक और अन्य दोपहिया वाहनों को निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग नियमों का पालन करना होगा.

इन स्थानों से मिलेगी शटल सेवा

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने कई स्थानों से शटल सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है. प्रमुख स्थानों में शामिल हैं...

  • मेट्रोपोलियम पार्किंग, भवाली
  • जौनलता बैरियर, भवाली
  • विकास भवन पार्किंग, भीमताल
  • खैरना
  • पंचाचूली ढाबा
  • तल्लीताल टैक्सी स्टैंड
  • नगर निगम इंटर कॉलेज, काठगोदाम
  • रेलवे स्टेशन, काठगोदाम
  • रोडवेज बस स्टेशन, हल्द्वानी
  • प्रस्तावित आईएसबीटी पार्किंग, गोलापार

प्रशासन ने यात्रियों से मांगा सहयोग

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और अधिक से अधिक शटल सेवाओं का उपयोग करें. अधिकारियों का कहना है कि सभी यात्रियों के सहयोग से ही यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाया जा सकेगा.

ये भी पढ़ें- केन विलियमसन ने 16 साल लंबे क्रिकेट करियर पर लगाया विराम, इंटरनेशनल क्रिकेट से किया संन्यास का ऐलान