जो रूट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में हासिल किया बड़ा मुकाम, सचिन तेंदुलकर का ये बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में अपने नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया. मंगलवार, 22 सितंबर को रूट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 23 हजार रनों का आंकड़ा पार किया.

joe-root-completes-23000-international-runs-breaks-sachin-record
Image Source: ANI

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में अपने नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया. मंगलवार, 22 सितंबर को रूट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 23 हजार रनों का आंकड़ा पार किया. इस उपलब्धि के साथ वह दुनिया के सिर्फ आठवें बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतने रन बनाए हैं. खास बात यह रही कि इस मुकाम तक पहुंचने के दौरान उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया.

सचिन से आगे निकले जो रूट 

जो रूट ने 521वीं पारी में 23 हजार इंटरनेशनल रन पूरे किए, जबकि सचिन तेंदुलकर ने यह आंकड़ा 522 पारियों में हासिल किया था. इस रिकॉर्ड में रूट अब दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज हैं. भारत के विराट कोहली इस मामले में सबसे आगे हैं, जिन्होंने महज 490 पारियों में 23 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए थे. रूट ने अपने 394वें इंटरनेशनल मैच में यह खास उपलब्धि हासिल की है.

इंग्लैंड के सबसे सफल बल्लेबाज

जो रूट पहले से ही इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. इंग्लैंड की ओर से दूसरे नंबर पर पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक हैं, जिनके नाम 15,737 रन हैं. वहीं, इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में रूट अब 23 हजार के आंकड़े के साथ आठवें स्थान पर हैं. उनसे ऊपर भारत के पूर्व दिग्गज राहुल द्रविड़ 24,208 रनों के साथ सातवें नंबर पर हैं. ऐसे में रूट के पास आने वाले समय में द्रविड़ को पीछे छोड़ने का मौका होगा.

टेस्ट में सचिन का रिकॉर्ड भी निशाने पर

टेस्ट क्रिकेट में भी जो रूट लगातार सचिन तेंदुलकर के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहे हैं. सचिन ने 200 टेस्ट मैचों में 15,921 रन बनाए हैं, जबकि रूट 169 रेड-बॉल मैचों में 14,278 रन बना चुके हैं. दोनों के बीच 1,643 रनों का अंतर है. रूट की उम्र फिलहाल 35 साल है और उनके पास इस रिकॉर्ड को चुनौती देने का मौका मौजूद है, हालांकि वह इसे हासिल कर पाएंगे या नहीं, यह आने वाले समय में उनके प्रदर्शन और करियर की अवधि पर निर्भर करेगा.

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 8 बल्लेबाज 

  • सचिन तेंदुलकर (भारत) - 664 मैचों में 34,357 रन
  • विराट कोहली (भारत) - 562 मैचों में 28,359 रन
  • कुमार संगकारा (श्रीलंका) - 594 मैचों में 28,106 रन
  • रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 560 मैचों में 27,483 रन
  • महेला जयवर्धने (श्रीलंका) - 652 मैचों में 25,957 रन
  • जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका) - 519 मैचों में 25,534 रन
  • राहुल द्रविड़ (भारत) - 509 मैचों में 24,208 रन
  • जो रूट (इंग्लैंड)- 394 मैचों में- 23000* रन

ये भी पढ़ें: टीम इंडिया ने रचा इतिहास, टी20 में ऐसा करने वाला दुनिया का पहला देश बना भारत