Jio यूजर्स के लिए अलर्ट! इस तरह के मैसेज से रहें सावधान, वरना आपके साथ हो जाएगा बड़ा खेला

साइबर क्राइम के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, और स्कैमर्स हर दिन नए-नए तरीकों से लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं. इस बढ़ते खतरे को देखते हुए रिलायंस जियो ने अपने यूजर्स को आगाह किया है.

Jio warns users about suspicious messages that could lead to cyber fraud
Meta AI

साइबर क्राइम के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, और स्कैमर्स हर दिन नए-नए तरीकों से लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं. इस बढ़ते खतरे को देखते हुए रिलायंस जियो ने अपने यूजर्स को आगाह किया है. कंपनी ने एक संदेश जारी कर बताया कि साइबर अपराधी उनके नाम से फर्जी मैसेज और कॉल कर रहे हैं, ताकि यूजर्स को धोखा दिया जा सके. जियो ने इसके बारे में कुछ सावधानियां भी बताई हैं, जिनका पालन करके आप साइबर फ्रॉड से बच सकते हैं. आइए जानते हैं विस्तार से कि जियो ने अपने यूजर्स को किस तरह की चेतावनियां दी हैं.

धोखाधड़ी वाले मैसेज और कॉल से रहें सावधान

रिलायंस जियो ने अपने यूजर्स को सबसे पहले यह चेतावनी दी है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें. वर्तमान में साइबर अपराधी लोगों को धमकी देकर या धोखाधड़ी से OTP जैसे महत्वपूर्ण डेटा हासिल कर लेते हैं, जिससे बाद में वित्तीय नुकसान हो सकता है. इसलिए, किसी भी अनजान स्रोत से आई जानकारी पर विश्वास करने से पहले सतर्क रहें.

थर्ड-पार्टी ऐप्स से रखें दूरियां

जियो ने अपने यूजर्स को यह भी सलाह दी है कि वे थर्ड-पार्टी ऐप्स को डाउनलोड करने से बचें. कंपनी का स्पष्ट कहना है कि जियो के कर्मचारी कभी भी यूजर्स को थर्ड-पार्टी ऐप्स डाउनलोड करने के लिए नहीं कहेंगे. यदि कोई कॉल या मैसेज आपको किसी थर्ड-पार्टी ऐप डाउनलोड करने के लिए कहता है, तो यह एक चेतावनी संकेत हो सकता है. ऐसे मामलों में तुरंत सतर्क हो जाएं और किसी भी लिंक पर क्लिक करने से बचें.

संदिग्ध लिंक से रहें अलर्ट

कंपनी ने अपने यूजर्स को यह भी बताया कि जियो की ओर से कभी भी ऐसे लिंक नहीं भेजे जाते, जो माई जियो ऐप या जियो डॉट कॉम के बाहर खुलते हों. यदि कोई अनजान लिंक आपको भेजा जाता है, तो यह धोखाधड़ी का एक संकेत हो सकता है. ऐसे लिंक पर क्लिक करने से बचें और इसे तुरंत रिपोर्ट करें.

लुभावने ऑफर्स से बचें, जानकारी माई जियो ऐप से लें

अगर आपको जियो के किसी ऑफर या सर्विस के बारे में जानकारी चाहिए, तो किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर विश्वास न करें. जियो ने साफ कहा है कि यदि आपको किसी आकर्षक ऑफर का प्रस्ताव मिलता है, तो लालच में न आएं. सभी आधिकारिक जानकारी माई जियो ऐप पर उपलब्ध होती है, जहां आप कंपनी की सेवाओं और ऑफर्स के बारे में सटीक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

संदेह होने पर, माई जियो ऐप का करें उपयोग

जियो ने अपने यूजर्स को यह भी सलाह दी है कि अगर उन्हें किसी भी सेवा या जानकारी के बारे में संदेह हो, तो माई जियो ऐप पर लॉगिन करके वास्तविक जानकारी प्राप्त करें. इस ऐप के जरिए आप किसी भी धोखाधड़ी से बच सकते हैं और कंपनी की सभी अपडेट्स तक पहुंच सकते हैं.

ये भी पढ़ें: 50MP कैमरा, 5000mAh... Nothing का सस्ता 5G फोन लॉन्च, बेहतरीन फीचर्स से है लैस, जानें कीमत