Jharkhand: हो जाएं सावधान! इन जिलों में पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

Jharkhand Ka Mausam: झारखंड में ठंड ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राज्य में लगातार गिरते तापमान के बीच गुमला सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया है, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. कड़ाके की ठंड के चलते कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है.

Jharkhand Be careful Severe cold is going to fall in these districts IMD issued yellow alert
Image Source: ANI/ File

Jharkhand Ka Mausam: झारखंड में ठंड ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राज्य में लगातार गिरते तापमान के बीच गुमला सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया है, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. कड़ाके की ठंड के चलते कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को जारी अपने बुलेटिन में झारखंड के गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, लोहरदगा और गुमला जिलों के लिए शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में रविवार सुबह 8:30 बजे तक ठंड का असर बना रह सकता है. लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

हवाओं के बदले रुख से बढ़ी ठंड

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी दिशा की ठंडी हवाएं चल रही हैं. इन्हीं हवाओं के कारण झारखंड में शीतलहर जैसी स्थिति बन रही है. उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद दो से तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.

12 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे

आईएमडी के मुताबिक, झारखंड के कुल 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है. बीते 24 घंटों में खूंटी में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस और लोहरदगा में 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं पलामू प्रमंडल के डाल्टनगंज में पारा गिरकर 5.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

राजधानी रांची में भी बढ़ी ठिठुरन

राजधानी रांची में भी ठंड का असर साफ दिखाई दिया. यहां न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा बोकारो में पारा 8.5 डिग्री सेल्सियस और पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा. सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस की जा रही है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है.

आगे क्या रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने में थोड़ा समय लगेगा. हालांकि पश्चिमी हवाओं का असर कमजोर पड़ने के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. तब तक लोगों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.

यह भी पढ़ें- iPhone लवर्स की लगी लॉटरी, इस वाले मॉडल पर मिल रहा छप्परफाड़ डिस्काउंट, सीधे 34,000 रुपए घटी कीमत