जालौन में सांप का आतंक! एक ही परिवार की दो महिलाओं को उतारा मौत के घाट, गांव में दहशत का माहौल

उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के गोहन थाना क्षेत्र के कुदकपुरा गांव में बीते एक सप्ताह के भीतर एक ही जहरीले सांप के डसने से एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई है.

Jalaun snake bite kills two sisters in law villagers panic
Image Source: Social Media

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के गोहन थाना क्षेत्र के कुदकपुरा गांव में बीते एक सप्ताह के भीतर एक ही जहरीले सांप के डसने से एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई है. इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है. लोग रात को जमीन पर सोने से डर रहे हैं और मजबूरन छतों पर रह रहे हैं. परिजन और ग्रामीण प्रशासन से सांप पकड़ने के लिए विशेष टीम भेजने की मांग कर रहे हैं.

पहली मौत: आरती की दर्दनाक कहानी

30 सितंबर की रात को आरती (30 वर्ष), जो पिंटू प्रजापति की पत्नी थी, अपने घर में सो रही थी कि अचानक जहरीले सांप ने उसे डस लिया. परिवार वालों के तुरंत अस्पताल ले जाने के बावजूद डॉक्टरों ने उसे बचाया नहीं जा सका. आरती दो बेटों और एक बेटी को छोड़ गई. इस हादसे ने परिवार और गांव में गहरा शोक और भय पैदा कर दिया.

दूसरी मौत: कृष्णा कुमारी भी सांप का शिकार

आरती की मौत की दर्दनाक घटना से परिवार संभल भी नहीं पाया था कि उसी सांप ने कृष्णा कुमारी (35 वर्ष), पत्नी अरविंद को भी काट लिया. परिवार के प्रयासों के बावजूद, जब तक वे उसे अस्पताल पहुंचा पाए, तब तक उसकी भी जान नहीं बच सकी. कृष्णा कुमारी ने भी अपने पीछे तीन छोटे बच्चे छोड़ दिए. इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है.

गांव में फैली दहशत

दो मौतों के बाद गांव में डर का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार है जब एक ही सांप ने एक ही परिवार के दो सदस्यों की जान ली हो. सांप की जहरीली प्रवृत्ति और उसका विचित्र स्वरूप गांव वालों के लिए चिंता का विषय है. अधिकतर लोग अब जमीन पर सोने से डरते हैं और छतों पर रहना पसंद कर रहे हैं. घटना के बाद कई सपेरे और बाबा गांव में सांप पकड़ने के लिए आए. ग्रामीणों की मदद से एक सांप को पकड़ा और मारकर जला दिया गया. बताया जा रहा है कि ये सांप जोड़ी में रहते हैं और एक की मौत हो चुकी है. दूसरी सांप अभी भी जिंदा है, जिससे गांव के लोगों का डर कम नहीं हुआ है.

प्रशासन से विशेष टीम और सुरक्षा के इंतजामों की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में सांप पकड़ने के लिए विशेषज्ञ टीम भेजी जाए. साथ ही स्वास्थ्य विभाग को जागरूकता अभियान चलाकर झाड़-फूंक के बजाय अस्पताल पहुंचने का संदेश देना चाहिए. इसके अलावा, गांव में सांपों के प्रकोप से बचाव के लिए छिड़काव और अन्य सुरक्षात्मक उपाय भी किए जाएं.

ये भी पढ़ें: जिसे खिलौना समझ उठा ले आया छात्र, वो निकला बम; खैबर के स्कूल में भीषण विस्फोट से कई घायल