Jalandhar News: पंजाब के जालंधर में दो गुटों के बीच विवाद के दौरान हिंसा का मामला सामने आया है. गढ़ा क्षेत्र के वाल्मीकि मोहल्ला में एक युवक को कुछ लोगों ने घेरकर पहले लाठी-डंडों और घूंसों से पीटा. आरोप है कि इसके बाद एक युवक तेजधार हथियार लेकर मौके पर पहुंचा और घायल युवक पर हमला करने लगा. पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
हमलावर पर झपटा कुत्ता, भागने पर हुआ मजबूर
हमले के दौरान घटनास्थल पर मौजूद एक कुत्ता अचानक घायल युवक के पास पहुंचा और हमलावर पर झपट पड़ा. कुत्ते के हमले से आरोपी पीछे हट गया और कुछ देर तक उसका पीछा किए जाने के बाद मौके से फरार होता दिखाई दिया. इस दौरान घायल युवक सड़क पर गिरा रहा और उसके शरीर से खून बहता नजर आया. आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
पहले घेरकर पीटा, फिर तेजधार हथियार से हमला
जानकारी के अनुसार, युवक सड़क पर अकेला खड़ा था, तभी कई युवक वहां पहुंचे और उसे घेर लिया. आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों और घूंसों से उसकी पिटाई की. इसके बाद आरोपियों में से एक युवक तेजधार हथियार लेकर वापस आया और घायल युवक पर हमला करने की कोशिश की. CCTV फुटेज में कथित हमलावर के हाथ में हथियार और घटनाक्रम रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है.
तीन आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. पुलिस के मुताबिक, मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. पुलिस विवाद की वजह और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. घायल युवक की मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: AMCA के बाद 6ठी पीढ़ी का फाइटर जेट... राजनाथ सिंह ने बता दिया भारत का अगला मिशन, जानें डिफेंस प्लान