जालंधर में BSF मुख्यालय के पास धमाका, इलाके में मचा हड़कंप; खंगाले जा रहे सीसीटीवी कैमरे

Jalandhar News: पंजाब के जालंधर शहर में मंगलवार रात अचानक हुए धमाके ने लोगों को दहशत में डाल दिया. BSF चौक के पास खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद स्कूटी में आग लग गई.

Jalandhar BSF Chowk explosion Activa scooter blast Punjab
Image Source: Social Media

Jalandhar News: पंजाब के जालंधर शहर में मंगलवार रात अचानक हुए धमाके ने लोगों को दहशत में डाल दिया. BSF चौक के पास खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद स्कूटी में आग लग गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके लगातार दो बार हुए, जिससे आसपास के लोग सहम गए. फिलहाल घटनास्थल पर जांच और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय है.

धमाके के बाद आग की लपटें

स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज आवाज के साथ हुए धमाके के तुरंत बाद स्कूटी से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं. आसपास के लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. कुछ ही मिनटों में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया.

सुरक्षा संवेदनशील इलाके में धमाका

यह धमाका BSF चौक जैसे सुरक्षा दृष्टि से संवेदनशील इलाके के पास हुआ, जो BSF पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय से काफी नजदीक है. प्रारंभिक जांच में इसे संदिग्ध गतिविधि माना जा रहा है, और सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं.

जालंधर पुलिस ने घेराबंदी की

शुक्र की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. हालांकि, धमाके की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह घेर लिया है और नजदीकी CCTV फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.

फॉरेंसिक टीम कर रही जांच

जालंधर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो सैंपल इकट्ठा कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही धमाके के पीछे की असली वजह सामने आएगी. पुलिस ने जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: दो नई सेमीकंडक्टर यूनिट्स को मंजूरी, किसानों को भी बड़ी सौगात; जानें मोदी कैबिनेट की बैठक के बड़े फैसले