मध्य पूर्व की राजनीति और सुरक्षा माहौल में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच ईरान ने भारतीय नागरिकों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. लंबे समय तक भारतीयों को बिना वीजा प्रवेश देने वाली ईरान सरकार ने अब इस सुविधा को समाप्त करने की घोषणा की है. यह बदलाव 22 नवंबर 2025 से लागू होगा. इस निर्णय के तुरंत बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने भी अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है.
भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि हाल के महीनों में कई भारतीयों को रोजगार, बेहतर कमाई या किसी तीसरे देश में आगे भेजने के वादे पर ईरान ले जाया गया. वीजा-फ्री एंट्री का फायदा उठाकर उन्हें ईरान भेजा गया, जहां पहुंचने पर कई लोगों का अपहरण कर उनसे फिरौती मांगी गई.भारतीय मंत्रालय के अनुसार, ऐसी घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए ईरान ने भारतीय नागरिकों के लिए वीज़ा छूट सुविधा को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है.
विदेश मंत्रालय ने जारी की नई चेतावनी
नई एडवाइजरी में विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 22 नवंबर 2025 के बाद भारतीय नागरिकों को ईरान आने या ईरान होकर किसी अन्य देश जाने के लिए वैध वीजा प्राप्त करना अनिवार्य होगा.मंत्रालय ने खास तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी भारतीय नागरिक उन एजेंटों के झांसे में न आए, जो फ्री वीजा ट्रैवल, नौकरी के मौके या तीसरे देशों में आगे भेजने का वादा कर ईरान बुलाने की कोशिश करते हैं.
MEA issues advisory on suspension of visa waiver facility extended to Indian nationals travelling to Iran
— ANI (@ANI) November 17, 2025
"The attention of Government has been drawn to several incidents of Indian nationals being lured to Iran on false promises of employment or with assurances of onward transit… pic.twitter.com/lRUgKnX6LC
पर्यटन, व्यापार और ट्रांजिट यात्राओं पर असर
ईरान के इस निर्णय से उन भारतीय यात्रियों पर सीधा प्रभाव पड़ेगा जो वहां पर्यटन, शिक्षा, व्यापारिक कारोबार या ट्रांजिट यात्रा के लिए जाते थे.हालांकि ईरान ने यह भी स्पष्ट किया है कि सामान्य पासपोर्ट वाले भारतीय नागरिकों के लिए ‘वन-वे टूरिस्ट वीजा कैंसिलेशन’ नियम 22 नवंबर तक निलंबित रहेगा, ताकि जो यात्री पहले से योजनाबद्ध हैं, वे उचित समय लेकर आवश्यक सुविधा प्राप्त कर सकें.
भारतीयों के बीच हमेशा लोकप्रिय रहा है ईरान
अपनी प्राचीन सभ्यता, फारसी वास्तुकला और अद्भुत संस्कृति के कारण ईरान हमेशा भारतीय पर्यटकों के लिए एक आकर्षक देश रहा है. इस्फहान, शिराज, तेहरान जैसे ऐतिहासिक शहर वर्षों से भारतीय यात्रियों की सूची में शामिल रहे हैं.धार्मिक महत्व वाले मशहद और कोम भी भारतीय तीर्थयात्रियों के बीच विशेष लोकप्रियता रखते हैं.कुछ महीने पहले भी भारत ने ईरान यात्रा को लेकर इसी प्रकार की एडवाइजरी जारी की थी, जब नौकरी के झांसे में ले जाए गए भारतीयों के अपहरण की घटनाएँ सामने आई थीं.
यह भी पढ़ें: हत्या, यातना, भड़काऊ बयानबाजी और... शेख हसीना को किन मामलों में सुनाई गई सजा-ए-मौत