मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के रोमांच के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से जुड़े एक ब्रिटिश ब्रॉडकास्ट इंजीनियर का शव मुंबई के एक होटल के कमरे में संदिग्ध हालत में मिला है. मृतक की पहचान इयान विलियम्स लैंगफोर्ड के रूप में हुई है, जो IPL के प्रसारण कार्य से जुड़े हुए थे.
कमरे में संदिग्ध हालात में मिला शव
जानकारी के अनुसार, इयान 24 मार्च से मुंबई के एक होटल में ठहरे हुए थे. 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच के बाद वह अपने कमरे में लौटे थे. यह मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया था.
अगले दिन यानी 30 मार्च को जब होटल के रिसेप्शन से उनके कमरे पर फोन किया गया तो कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद स्टाफ उनके कमरे तक पहुंचा. दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर मास्टर चाबी से कमरा खोला गया, जहां इयान का शव फर्श पर पड़ा मिला.
डॉक्टर ने मौके पर किया मृत घोषित
होटल के डॉक्टर को तुरंत बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद होटल और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और मामला संदिग्ध माना जा रहा है.
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले को लेकर मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इयान की मौत किन परिस्थितियों में हुई. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
बताया जा रहा है कि 29 मार्च को खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हाई-स्कोरिंग मैच हुआ था. पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 20 ओवर में 219 रन बनाए थे, जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने लक्ष्य को 5 गेंद पहले ही हासिल कर लिया था.
ये भी पढ़ें- हनी सिंह के कॉन्सर्ट पर एक्शन, चेतावनी के बाद भी खतरे में डाली एयरपोर्ट जोन की सुरक्षा, FIR दर्ज