LSG vs RCB: आईपीएल 2026 का 23वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा, और बेंगलुरु की प्रचंड फॉर्म को देखकर लखनऊ के लिए इसे रोकना एक बड़ी चुनौती हो सकती है.
आरसीबी और एलएसजी के बीच अब तक के मुकाबले हमेशा ही रोमांचक रहे हैं. कभी एलएसजी ने आरसीबी को बेंगलुरु में हराया तो कभी आरसीबी ने लखनऊ में अपनी ताकत दिखाई. लेकिन अगर हम दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए मैचों का रिकॉर्ड देखें, तो आरसीबी का पलड़ा भारी है. दोनों टीमों के बीच 6 मैच खेले गए हैं, जिनमें से आरसीबी ने 4 मैच जीते हैं और एलएसजी ने 2 मैच. यह आंकड़े ये साबित करते हैं कि एलएसजी के लिए आरसीबी को हराना कभी आसान नहीं रहा है.
आरसीबी का शानदार फॉर्म
आरसीबी का फॉर्म इस समय शानदार चल रहा है, जो एलएसजी के लिए एक चिंता का विषय है. टीम की बल्लेबाजी बेहद मजबूत और विस्फोटक रही है, वहीं गेंदबाजी भी शानदार है. आरसीबी ने इस सीजन में अपने पहले 4 मैचों में से 3 मैच जीते हैं और अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है. बेंगलुरु को केवल राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है.
विराट कोहली का प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है, वहीं फिल सॉल्ट भी फॉर्म में लौट आए हैं. कप्तान रजत पाटीदार, देवदत्त पड्डिकल, टिम डेविड, वेंकटेश अय्यर और रोमारियो शेफर्ड जैसे खिलाड़ी भी फॉर्म में हैं और लखनऊ के गेंदबाजों के लिए मुश्किलें पैदा कर सकते हैं. गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, रसीख सलाम, क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है.
एलएसजी की बल्लेबाजी पर सवाल
एलएसजी की मुख्य समस्या उसकी बल्लेबाजी रही है. टीम में मिशेल मार्श, एडन मार्करम, ऋषभ पंत और निकोलस पूरन जैसे बड़े नाम हैं, लेकिन यह सभी बल्लेबाज बड़े और प्रभावी स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं. कुछ मैचों को छोड़ दिया जाए, तो इन बल्लेबाजों ने अपनी भूमिका ठीक से नहीं निभाई. हालांकि, निचले क्रम में मुकुल चौधरी ने उम्मीद जगाई है, लेकिन किसी एक बल्लेबाज पर पूरी तरह निर्भर रहना सही नहीं होगा. एलएसजी के शीर्ष क्रम को बेहतर प्रदर्शन करना होगा, तभी वे बेंगलुरु को उसकी होम ग्राउंड में चुनौती दे पाएंगे.
एलएसजी की गेंदबाजी भी मजबूत
एलएसजी की गेंदबाजी ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है. मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव ने तेज गेंदबाजी में अच्छा काम किया है, जबकि दिग्वेश राठी ने स्पिन गेंदबाजी में कमाल किया है. अगर ये गेंदबाज अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हैं, तो वे आरसीबी के बल्लेबाजों को मुश्किल में डाल सकते हैं.
एलएसजी के लिए चुनौती
अगर एलएसजी को आरसीबी को बेंगलुरु में हराना है, तो उन्हें एकजुट होकर अच्छा खेलना होगा. फिलहाल, एलएसजी 4 मैचों में 2 जीत के साथ 4 अंक लेकर अंकतालिका में सातवें स्थान पर है. उन्हें अपनी बल्लेबाजी को सुधारने की जरूरत है और गेंदबाजी में भी अपना बेहतरीन प्रदर्शन देना होगा. तभी वे आरसीबी को चुनौती दे सकते हैं.
ये भी पढ़ें- MP Board Result: एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट जारी, दो बेटियों प्रतिभा सिंह और खुशी राय ने किया टॉप