GT vs RR Pitch Report: आईपीएल 2026 में आज गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच क्वालीफायर-2 मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि हारने वाली टीम का टूर्नामेंट में सफर खत्म हो जाएगा. मुकाबला मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह पीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा.
वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सभी की नजरें
इस बड़े मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की हो रही है. उन्होंने इसी मैदान पर एलिमिनेटर मैच में सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की तूफानी पारी खेली थी. अपनी पारी में उन्होंने 12 छक्के लगाए थे. ऐसे में गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों की कोशिश होगी कि इस बार वैभव को जल्दी आउट किया जाए.
कैसी होगी मुल्लांपुर की पिच?
क्वालीफायर-2 उसी पिच पर खेला जाएगा, जहां एलिमिनेटर मुकाबला हुआ था. यह पिच बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है. इस मैदान पर अब तक आईपीएल के 16 मैच खेले गए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 8-8 मैच जीते हैं. इस सीजन यहां 5 मुकाबले हुए हैं और ज्यादातर मैच हाई स्कोरिंग रहे हैं. पिछले मैच में राजस्थान ने यहां 243 रन का बड़ा स्कोर बनाया था.
ऐसे में आज भी एक बड़े स्कोर वाले मैच की उम्मीद की जा रही है. माना जा रहा है कि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 230 से 240 रन तक बनाने पड़ सकते हैं, क्योंकि यहां 200 के आसपास का लक्ष्य बचाना आसान नहीं रहता.
मौसम बदल सकता है मैच का रंग
मुल्लांपुर में शुक्रवार को बारिश की संभावना जताई गई है. मैच के दौरान बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार हवाएं करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. ऐसे में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलने की उम्मीद है.
टॉस का रोल रहेगा अहम
हालांकि पिछले मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत हासिल की थी, लेकिन मौसम और ओस को देखते हुए आज भी टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है. गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच क्वालीफायर-2 मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा. टॉस शाम 7 बजे होगा.
गुजरात टाइटंस की टीम
शुभमन गिल (कप्तान), साईं सुदर्शन, जोस बटलर, जेसन होल्डर, कगिसो रबाडा, राहुल तेवतिया, ल्यूक वुड, शाहरुख खान, साईं किशोर, वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलवंत खेजरोलिया, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, ग्लेन फिलिप्स, इशांत शर्मा, जयंत यादव, अनुज रावत, कुमार कुशाग्र, मानव सुथार, अरशद खान, अशोक शर्मा, गुरनूर ब्रार, निशांत सिंधु और कोनोर एस्टरहुइजेन.
राजस्थान रॉयल्स की टीम
रियान पराग (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रवींद्र जडेजा, एडम मिल्ने, डोनोवन फरेरा, ध्रुव जुरेल, जोफ्रा आर्चर, शिमरोन हेटमायर, तुषार देशपांडे, नांद्रे बर्गर, कुलदीप सेन, रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, शुभम दुबे, विग्नेश पुथुर, अमन राव, संदीप शर्मा, क्वेना मफाका, युद्धवीर सिंह, डसून शनाका, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, रवि सिंह, बृजेश शर्मा, अमनजोत सिंह चहल और यश पुंजा.
ये भी पढ़ें- GT vs RR Qualifier-2: गुजरात और राजस्थान में आज आर-पार की जंग, देखें हेड-टू-हेड रिकॉर्ड और पिच रिपोर्ट