IPL 2026: आईपीएल 2026 के ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस को लेकर जो घटनाक्रम सामने आया, उसने क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया. पंजाब किंग्स द्वारा रिलीज किए जाने के बाद यह माना जा रहा था कि इंग्लिस अपनी शादी और हनीमून के चलते आईपीएल सीजन का बड़ा हिस्सा मिस कर सकते हैं.
लेकिन ऑक्शन के दिन तस्वीर पूरी तरह बदल गई, जब सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच जोरदार बोली लगी और अंत में लखनऊ ने उन्हें 8.6 करोड़ रुपये में अपने खेमे में शामिल कर लिया. इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद अब इंग्लिस की उपलब्धता को लेकर नए संकेत सामने आ रहे हैं.
शादी तय, लेकिन हनीमून पर हो सकता है यू-टर्न
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जोश इंग्लिस 18 अप्रैल 2026 को शादी करने वाले हैं और इसके तुरंत बाद हनीमून की योजना बनाई गई थी. इसी वजह से पहले यह माना जा रहा था कि वह आईपीएल के शुरुआती चरण में उपलब्ध नहीं रहेंगे.
हालांकि, ऑक्शन के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि इंग्लिस अपने निजी शेड्यूल में बदलाव कर सकते हैं. सूत्रों के अनुसार, वह आईपीएल सीजन की शुरुआत में भारत आ सकते हैं, फिर शादी के लिए कुछ समय के लिए ऑस्ट्रेलिया लौटेंगे और उसके बाद दोबारा टीम के साथ जुड़ सकते हैं. अगर ऐसा होता है, तो वह सीजन का बड़ा हिस्सा खेलते नजर आ सकते हैं.
लखनऊ सुपर जायंट्स को पहले से थी जानकारी
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, लखनऊ सुपर जायंट्स का मैनेजमेंट इंग्लिस की स्थिति से पहले से अवगत था. टीम के हेड कोच जस्टिन लैंगर और डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी को उनकी शादी और संभावित अनुपलब्धता की जानकारी थी, इसके बावजूद फ्रेंचाइजी ने उन पर भरोसा जताते हुए बड़ी बोली लगाई.
वहीं, बोली में शामिल रही सनराइजर्स हैदराबाद भी इंग्लिस की उपलब्धता को लेकर आश्वस्त दिखी. टीम के कोच डेनियल वेटोरी और कप्तान पैट कमिंस ने भी ऑक्शन के दौरान किसी तरह की हिचक नहीं दिखाई.
SRH के बॉलिंग कोच वरुण आरोन ने कहा कि ऑक्शन के बाद खिलाड़ी अक्सर अपने निजी फैसलों पर दोबारा विचार करता है और जोश इंग्लिस के मामले में भी ऐसा हो सकता है.
पंजाब किंग्स की नाराजगी खुलकर आई सामने
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पंजाब किंग्स ने पहले ही असंतोष जताया था. टीम के सह-मालिक नेस वाडिया ने कहा कि इंग्लिस ने रिटेंशन डेडलाइन से सिर्फ 45 मिनट पहले अपनी अनुपलब्धता की जानकारी दी थी, जिसे फ्रेंचाइजी ने गैर-पेशेवर रवैया बताया.
पंजाब किंग्स इंग्लिस को रिटेन करना चाहती थी, लेकिन आखिरी समय में मिली सूचना के कारण उन्हें मजबूरी में खिलाड़ी को रिलीज करना पड़ा. इसके बाद ऑक्शन में वही खिलाड़ी रिकॉर्ड कीमत पर बिक गया, जिससे पंजाब का असंतोष और बढ़ गया.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में हिंसा के बीच हिंदू युवक की हत्या, भीड़ ने पेड़ से टांगकर जलाया, भारत की एडवाइजरी जारी