Indian Mobile Congress 2025: देश की डिजिटल प्रगति का उत्सव बन चुका इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 अब केवल मोबाइल या टेलीकॉम तक सीमित नहीं रह गया है. 8 से 11 अक्टूबर तक आयोजित इस मेगा इवेंट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के यशोभूमि इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में किया. इस दौरान उन्होंने स्टार्टअप्स की प्रस्तुति और नवाचारों की सराहना करते हुए भारत की तकनीकी शक्ति को "सक्षम हाथों में सुरक्षित" बताया.
उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने देश के तकनीकी सफर का जिक्र करते हुए कहा कि जो भारत कभी 2G के लिए संघर्ष करता था, वह आज हर जिले में 5G नेटवर्क पहुंचा चुका है और अब 6G टेक्नोलॉजी की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि “जब हमने 'मेक इन इंडिया' की बात की थी, तब कुछ लोग उसका मज़ाक उड़ाते थे, लेकिन आज भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी बन चुका है.”
IMC 2025: एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म
इंडिया मोबाइल कांग्रेस, एशिया के सबसे बड़े डिजिटल, टेक्नोलॉजी और टेलीकॉम इवेंट्स में से एक है. इसका आयोजन सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAI) और दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा संयुक्त रूप से किया जाता है. हर साल की तरह इस बार भी इवेंट में भारत और दुनियाभर की अग्रणी टेक कंपनियों और नीति निर्माताओं की भागीदारी देखी जा रही है.
#WATCH | दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "इंडिया मोबाइल कांग्रेस और दूरसंचार क्षेत्र में भारत की सफलता, आत्मनिर्भर भारत के विजन की ताकत को प्रदर्शित करती है। जब मैंने मेक इन इंडिया की बात की, तो कुछ लोगों ने इसका मज़ाक उड़ाया... देश ने इसका जवाब दिया। जो देश कभी 2G के… pic.twitter.com/i7j0o8NLqM
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 8, 2025
IMC 2025 की थीम: Innovate to Transform
इस बार इवेंट की थीम है "Innovate to Transform", यानी ऐसा नवाचार जो परिवर्तन ला सके. चार दिवसीय आयोजन के दौरान 6G, क्वांटम कम्युनिकेशन, साइबर सिक्योरिटी, सेमीकंडक्टर्स, और सैटेलाइट कम्युनिकेशन (SATCOM) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी. यह आयोजन न केवल भारत की तकनीकी क्षमता को दर्शाएगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर उसके टेक लीडरशिप को भी मजबूती देगा.
इवेंट में शामिल होंगी 400 कंपनियां और वैश्विक प्रतिनिधि
इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 में भाग लेने वाली कंपनियों की संख्या 400 से ज्यादा है. इसके अलावा 150 से अधिक देशों के 1.5 लाख से ज्यादा विजिटर्स, 7,000 ग्लोबल डेलीगेट्स और टेक इंडस्ट्री के दिग्गज इसमें मौजूद रहेंगे. यूके, जापान, कनाडा, ऑस्ट्रिया जैसे देशों के प्रतिनिधि भी इवेंट में भाग लेंगे.
किन क्षेत्रों पर रहेगा फोकस?
IMC 2025 में निम्नलिखित उभरती तकनीकों पर केंद्रित चर्चा होगी. इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर इनोवेशन, 5G और 6G नेटवर्क, क्वांटम कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, SATCOM (Satellite Communication), स्मार्ट मोबिलिटी और इंडस्ट्री 4.0, डीप टेक और क्लीन टेक्नोलॉजी
SATCOM को लेकर विशेष समिट
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि भारत सरकार ने तीन SATCOM लाइसेंस जारी किए हैं. इस इवेंट में SATCOM समिट के जरिए यह चर्चा की जाएगी कि किस तरह सैटेलाइट कम्युनिकेशन को दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि "टेलीकॉम कनेक्टिविटी के साथ-साथ नागरिकों के डेटा की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है."
यह भी पढ़ें: क्या है ‘Rings’ अवॉर्ड? जिसे इंस्टाग्राम ने किया लॉन्च; क्रिएटर्स को मिलेगा खास सम्मान