नई दिल्ली, भारत 24 डिजिटल डेस्क: विदेश में भारतीय लगातार अपना परचम लहराकर नए कीर्तिमान हासिल कर रहे हैं. इस बीच अमेरिका में रह रही 9 साल की भारतवंशी छात्रा प्रीशा चक्रवर्ती (Preesha Chakraborty) ने इतिहास रच दिया है. प्रीशा का नाम दुनिया की सबसे प्रतिभाशाली स्टूडेंट्स (Talented Students) की लिस्ट में शामिल किया गया है. करीब 90 देशों के 16 हजार छात्रों की परीक्षा के परिणामों के आधार पर प्रीसा का नाम इस सूची में शामिल किया गया है.
प्रीशा ने कैसे हासिल की ये उपलब्धि
बता दें कि जॉन्स हॉपकिन्स सेंटर (Johns Hopkins Center) ने प्रतिभाशाली युवाओं के लिए टेस्ट आयोजित किया था. जिसमें स्टूडेंट्स को ग्रेड-लेवल से ऊपर के टेस्ट के रिजल्ट पर चुनौती दी गई. प्रीशा ने 2023 की गर्मियों में दी गई इस परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की. यह उपलब्धि प्रीशा को गणित, कंप्यूटर प्रोग्रामिंग, रसायन विज्ञान, भौतिकी, पढ़ने और लिखने में जॉन्स हॉपकिंस सीटीवाई के ऑनलाइन और ऑन कैंपस कार्यक्रमों के लिए पात्र बनाती है.
कौन हैं 9 साल की प्रीशा?
प्रीशा कैलिफोर्निया में अपने माता-पिता के साथ रहती है. वह फ्रेमोंट स्थित वार्म स्प्रिंग एलीमेंट्री स्कूल में तीसरी क्लास की स्टूडेंट है. प्रीसा का नाम दुनिया की सबसे प्रतिभाशाली स्टूडेंट्स की लिस्ट में आने के बाद उनके पेरेंट्स का कहना है कि वह प्रीशा की कामयाबी से बहुत खुश हैं. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को हमेशा से ही सीखने का शौक रहा है. वह एक मेधावी छात्रा है और वह उसे लगातार आगे बढ़ते देखना चाहते हैं.