Asian Games 2026: एशियाई खेलों में भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के खाते में एक और स्वर्ण पदक जोड़ दिया. महिला 4x400 मीटर रिले में भारतीय टीम ने बेहतरीन रफ्तार दिखाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. स्वर्ण जीतने वाली टीम में किरण, मचेत्तिरा पूवम्मा, प्राची और विथ्या रामराज शामिल रहीं. भारतीय खिलाड़ियों ने 3:29.69 मिनट में रेस पूरी की. बारिश के बीच हुई इस स्पर्धा में भी भारतीय टीम ने अपनी लय बनाए रखी और मुकाबला अपने नाम किया.
बहरीन को पछाड़कर भारत ने जीता गोल्ड
महिला 4x400 मीटर रिले में बहरीन की टीम ने 3:30.21 मिनट के समय के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि चीन की टीम 3:31.02 मिनट में रेस पूरी कर तीसरे स्थान पर रही और उसे ब्रॉन्ज मिला. भारत और बहरीन के समय में 0.52 सेकेंड का अंतर रहा. इस जीत के साथ भारत ने 2026 एशियाई खेलों में अपना छठा गोल्ड मेडल हासिल कर लिया. इससे पहले भारत क्रिकेट, कबड्डी और शूटिंग समेत अलग-अलग स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीत चुका है.
GOLD! 🥇 India have won the women's 4x400m relay in 3:29.69. Bahrain were 2nd in 3:30.21, and the rest of the field isn't on the board yet. This is India's first athletics gold of these Games.
— Athletics Federation of India (@afiindia) September 29, 2026
The feed lists the team as Kiran, Machettira Poovamma, Prachi and Vithya Ramraj. The… pic.twitter.com/1T8z1xMPkz
विथ्या रामराज ने जीता दूसरा मेडल
भारतीय धाविका विथ्या रामराज के लिए भी यह जीत खास रही. नागोया एशियाई खेलों में यह उनका दूसरा पदक है. इससे पहले उन्होंने 400 मीटर हर्डल रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीता था और अब 4x400 मीटर रिले टीम का हिस्सा रहते हुए गोल्ड अपने नाम किया. खास बात यह रही कि रेस के दौरान बारिश हो रही थी, लेकिन भारतीय एथलीटों ने परिस्थितियों को अपने प्रदर्शन पर हावी नहीं होने दिया और शानदार तालमेल के साथ फिनिश लाइन पार की.
51 मेडल के साथ मेडल टैली में 10वें स्थान पर भारत
महिला 4x400 मीटर रिले का गोल्ड मिलने के साथ भारत ने कुल 51 पदक पूरे कर लिए हैं. भारतीय दल के खाते में अब 6 गोल्ड, 21 सिल्वर और 24 ब्रॉन्ज मेडल हैं. इस प्रदर्शन के साथ भारत मेडल टैली में 10वें स्थान पर पहुंच गया है. एथलेटिक्स में मिला यह गोल्ड भारतीय दल के लिए खास उपलब्धि है और खेलों में भारत के पदकों की संख्या लगातार बढ़ रही है.
ये भी पढ़ें: नीरू ढांढा ने रचा इतिहास, ट्रैप शूटिंग में भारत को दिलाया गोल्ड, ऐसा करने वाली बनीं पहली भारतीय महिला