Asian Games 2026: भारत के लिए 2026 एशियन गेम्स में शूटिंग से एक और बड़ी खुशखबरी आई है. नीरू ढांढा ने महिलाओं की ट्रैप शूटिंग एकल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. इस जीत के साथ उन्होंने न सिर्फ भारत की पदक संख्या बढ़ाई, बल्कि एशियन गेम्स के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड भी कायम कर दिया.
ट्रैप शूटिंग में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला
नीरू ढांढा एशियन गेम्स की ट्रैप शूटिंग एकल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बन गई हैं. उन्होंने फाइनल में 30 में से 28 शॉट पर सटीक निशाना साधा और प्रतियोगिता का नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड बना दिया. इस प्रदर्शन के साथ नीरू एशियन गेम्स चैंपियन बनने के साथ रिकॉर्ड होल्डर भी बन गईं.
चीन और कुवैत की खिलाड़ियों ने जीता सिल्वर-ब्रॉन्ज
फाइनल मुकाबले में नीरू ढांढा ने 28 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया. चीन की सुन युनगोंग ने 26 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक 21 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं और उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिला.
क्वालीफिकेशन में भी टॉप पर रहीं नीरू
नीरू का शानदार प्रदर्शन फाइनल तक ही सीमित नहीं रहा. उन्होंने क्वालीफिकेशन राउंड में भी दमदार निशाना लगाया था. वह कतर की शूटर के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रही थीं. दोनों ने क्वालीफिकेशन में 118 का स्कोर किया था.
48 साल बाद ट्रैप शूटिंग में आया गोल्ड
भारत को ट्रैप शूटिंग की एकल स्पर्धा में आखिरी गोल्ड मेडल 1978 में मिला था. उस समय पुरुषों की ट्रैप शूटिंग में रणधीर सिंह ने स्वर्ण पदक जीता था. इसके बाद करीब 48 साल तक एशियन गेम्स की इस एकल स्पर्धा में भारत गोल्ड हासिल नहीं कर सका. नीरू ढांढा ने इस लंबे इंतजार को खत्म करते हुए इतिहास रच दिया.
2026 में नीरू का शानदार प्रदर्शन
नीरू ढांढा के लिए साल 2026 अब तक बेहद खास रहा है. इसी साल जुलाई में उन्होंने इटली में आयोजित शॉटगन वर्ल्ड कप के ट्रैप इवेंट में गोल्ड मेडल जीता था. इसके साथ वह ट्रैप शूटिंग में वर्ल्ड कप गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बनी थीं. अब एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर उन्होंने अपने शानदार साल में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है.
भारत के खाते में आया 5वां गोल्ड
नीरू ढांढा का स्वर्ण पदक 2026 एशियन गेम्स में भारत का पांचवां गोल्ड है. इससे पहले महिला क्रिकेट टीम, महिला कबड्डी टीम, पुरुष कबड्डी टीम और शूटिंग में कमलजीत व सुरुची सिंह ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते हैं. नीरू के गोल्ड के साथ भारत की कुल पदक संख्या 47 हो गई है. पदक तालिका में भारत फिलहाल 11वें स्थान पर है.
ये भी पढ़ें- Virat Kohli: 35 की उम्र के बाद और खतरनाक हुए विराट कोहली, जड़ दिए 7 वनडे शतक, आंकड़े कर देंगे हैरान