भारत में बनेगा ऐसा हेलीकॉप्टर, जो माउंट एवरेस्ट पर हो सकता है लैंड... जानें H125 की कीमत और खासियत

माउंट एवरेस्ट की ऊंचाइयों को छूने वाला एयरबस का प्रसिद्ध H125 हेलीकॉप्टर अब भारत में भी तैयार किया जाएगा.

India will build the first helicopter to land on Mount Everest
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: माउंट एवरेस्ट की ऊंचाइयों को छूने वाला एयरबस का प्रसिद्ध H125 हेलीकॉप्टर अब भारत में भी तैयार किया जाएगा. इस हेलीकॉप्टर की फाइनल असेंबली टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) द्वारा कर्नाटक के कोलार जिले के वेमागल में की जाएगी. उम्मीद की जा रही है कि साल 2027 तक 'मेड इन इंडिया' H125 का पहला यूनिट तैयार हो जाएगा.

H125 को खासतौर पर ऊंचे और कठिन इलाकों के लिए डिजाइन किया गया है. यह दुनिया का इकलौता हेलीकॉप्टर है, जिसने साल 2005 में माउंट एवरेस्ट (8,848 मीटर) पर सफलतापूर्वक लैंडिंग और टेकऑफ किया था. इस उपलब्धि के चलते इसे एक विश्व रिकॉर्ड भी मिला है. इसका सिंगल इंजन फ्रांस की सफ्रान कंपनी द्वारा बनाया गया Arriel 2D टर्बोशाफ्ट इंजन है, जो उच्च प्रदर्शन और विश्वसनीयता प्रदान करता है.

भारत में होगा सैन्य संस्करण का निर्माण

भारत में H125 के साथ इसका सैन्य संस्करण H125M भी विकसित किया जाएगा. इस वेरिएंट में भारत में बने उपकरणों और स्वदेशी तकनीक का उपयोग किया जाएगा. इसे खासतौर पर भारतीय सेना और वायुसेना की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया जाएगा, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों, खासकर हिमालयी इलाकों में संचालन को मजबूती मिलेगी. यह कदम रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में एक बड़ा योगदान माना जा रहा है.

टाटा बना देश का पहला निजी हेलीकॉप्टर निर्माता

TASL के सीईओ और एमडी सुकरन सिंह ने कहा कि टाटा को गर्व है कि वह भारत की पहली प्राइवेट कंपनी बनने जा रही है, जो हेलीकॉप्टर निर्माण के क्षेत्र में कदम रखेगी. यह साझेदारी न सिर्फ सैन्य बल्कि नागरिक जरूरतों को भी मजबूत बनाएगी. मेडिकल इमरजेंसी, आपदा राहत, पर्यटन, कानून व्यवस्था और सामान्य परिवहन जैसे क्षेत्रों में भी यह हेलीकॉप्टर अहम भूमिका निभाएगा.

एयरबस की भारत पर खास नजर

एयरबस इंडिया के प्रमुख जुर्गन वेस्टरमियर ने इस साझेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि भारत हेलीकॉप्टर के लिए एक आदर्श बाजार है. उन्होंने कहा कि 'मेड इन इंडिया' H125 देश की हेलीकॉप्टर क्षमताओं को न सिर्फ मजबूती देगा, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण में भी एक महत्वपूर्ण टूल बनकर उभरेगा.

H125 हेलीकॉप्टर की खासियतें

  • उत्कृष्ट प्रदर्शन: ऊंचे और गर्म इलाकों में संचालन में सक्षम
  • कैपेसिटी: एक पायलट के साथ छह यात्री
  • कम संचालन लागत: ईंधन दक्षता और रखरखाव में किफायती
  • विजिबिलिटी: बड़ी खिड़कियों के कारण शानदार दृश्यता
  • सेफ्टी: क्रैश-रेसिस्टेंट फ्यूल सिस्टम और मजबूत डिज़ाइन
  • लोड कैरियर: कार्गो हुक के ज़रिए 1,400 किलोग्राम तक सामान ले जाने की क्षमता

वैश्विक सेवा में अग्रणी

आज के समय में दुनिया के 100 से ज्यादा देशों में H125 के 5,000 से अधिक यूनिट्स कार्यरत हैं या सेवाएं दे चुके हैं. इसके अलग-अलग वेरिएंट्स का उपयोग नागरिक, सैन्य और औद्योगिक मिशनों में किया जाता है.

ये भी पढ़ें- स्‍क्रैमजेट इंजन, 7400 KM की रफ्तार... हाइपरसोनिक मिसाइल 'ध्‍वनि' का परीक्षण करेगा भारत, जानें ताकत