रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे में साउथ अफ्रीका ने भारतीय टीम को 4 विकेट से मात देकर सीरीज में जोरदार वापसी कर ली. मुकाबला जितना हाई-स्कोरिंग था, उतना ही रोमांचक भी रहा. मैच के बाद साउथ अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा ने टीम की मेहनत, बल्लेबाजों की जवाबदेही और भारतीय टीम की मज़बूती पर खुलकर बात की.
भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की. वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में टीम इंडिया ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 358 रन बनाए. विराट कोहली का शतक और ऋतुराज गायकवाड़ की आतिशी पारी ने साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. इसके अलावा कप्तान केएल राहुल ने भी नाबाद 66 रन जोड़कर स्कोर को भव्य रूप दिया. एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत यह मैच आराम से अपने नाम कर लेगा, लेकिन कहानी दूसरी पारी में पलट गई.
मार्करम और ब्रीत्जके ने पलट दी तस्वीर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम की शुरुआत भले साधारण रही हो, लेकिन एडेन मार्करम ने मैच की धुरी बदल दी. मार्करम ने 110 रनों की कप्तानी पारी खेलकर भारतीय गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया. उनके साथ मैथ्यू ब्रीत्जके ने भी 68 रन जोड़कर मजबूत साझेदारी की. आगे चलकर देवाल्ड ब्रेविस के 54 रन और अंत में बॉश की शांत, समझदारी भरी बल्लेबाजी ने साउथ अफ्रीका को अंतिम ओवरों में जीत दिला दी. टीम ने 49.2 ओवर में 359 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
“रिकॉर्ड चेज… और भारतीय टीम के खिलाफ कठिन परीक्षा”
जीत के बाद कप्तान टेंबा बावुमा का चेहरा राहत और गर्व से भरा दिखा. उन्होंने कहा कि टीम का लक्ष्य शुरुआत से ही था कि गेंदबाजी में सुधार किया जाए और बल्लेबाजों को आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभानी होगी. बावुमा ने कहा यह मैच शुरू से ही अविश्वसनीय था. भारत के खिलाफ इतने बड़े चेज को हासिल करना आसान नहीं होता. एडेन और ब्रीत्जके की पार्टनरशिप ने मैच में जान डाल दी. आखिरी में बॉश ने जिस परिपक्वता से मैच खत्म किया, वह काबिलेतारीफ है उन्होंने यह भी माना कि भारतीय टीम के खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहता है.
भारत के खिलाफ हर रन मुश्किल है. जब मैं मार्करम के साथ क्रीज पर था, वह बेहतरीन टाइमिंग के साथ खेल रहे थे और मेरा काम था उन्हें सहयोग देना. इस जीत से टीम को जबरदस्त आत्मविश्वास मिलेगा.जब उनसे पूछा गया कि क्या यह साउथ अफ्रीका की सबसे मजबूत प्लेइंग इलेवन है, बावुमा ने साफ शब्दों में कहा हाँ, यह हमारे बेस्ट प्लेयर्स की टीम है. स्क्वॉड में हर जगह कड़ा मुकाबला है. गेंदबाज हों या बल्लेबाज, ऐसे प्रदर्शन हमें बेहतर बनाते हैं.
यह भी पढ़ें: ऋतुराज गायकवाड़ लगाते हैं शतक, तो हार जाती है टीम! एक-दो नहीं 4 बार हुआ नुकसान, देखें आंकड़े