IND vs ENG 2nd T20: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का रोमांच आज मैनचेस्टर के ऐतिहासिक ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड पर फिर से देखने को मिलेगा. पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ने के बाद दोनों टीमें अब जीत के इरादे से मैदान में उतरेंगी. हालांकि, दूसरे मैच पर भी मौसम का साया मंडरा रहा है. ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की नजरें सिर्फ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर ही नहीं, बल्कि आसमान पर भी टिकी रहेंगी.
शाम 7 बजे शुरू होगा मुकाबला
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले यानी 6:30 बजे कराया जाएगा. स्थानीय समय के अनुसार मैच दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा. पहले मुकाबले के बारिश के कारण रद्द होने के बाद दोनों टीमें इस मैच में जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त बनाने की कोशिश करेंगी.
इंग्लैंड ने घोषित की प्लेइंग इलेवन
मेजबान इंग्लैंड ने दूसरे टी20 के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन की घोषणा कर दी है. टीम के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की वापसी से गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत हो गया है. वहीं भारतीय टीम की अंतिम प्लेइंग इलेवन टॉस के समय सामने आएगी. माना जा रहा है कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले में मौका मिल सकता है. पिछले चार मैचों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले संजू सैमसन की जगह उन्हें शामिल किए जाने की चर्चा तेज है.
ओल्ड ट्रैफर्ड पर भारत का रिकॉर्ड कैसा है?
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम अब तक दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकी है. इनमें एक मैच में उसे जीत मिली, जबकि एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. खास बात यह है कि पिछली बार इसी मैदान पर भारत और इंग्लैंड आमने-सामने आए थे, तब टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ विकेट से जीत दर्ज की थी.
अगर इस मैदान के ओवरऑल रिकॉर्ड पर नजर डालें तो यहां अब तक 13 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं. इनमें से तीन मैच बारिश या अन्य कारणों से रद्द हो गए, जबकि बाकी 10 मुकाबलों में चार बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम विजयी रही और छह बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की. इससे साफ है कि इस मैदान पर दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को थोड़ा फायदा मिल सकता है.
मौसम बिगाड़ सकता है मैच का रोमांच
दूसरे टी20 मुकाबले में मौसम एक बार फिर अहम भूमिका निभा सकता है. स्थानीय समय के अनुसार मैच शुरू होने के दौरान बारिश की लगभग 20 प्रतिशत संभावना जताई गई है. इसके अलावा करीब 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पूरे मैच के दौरान बादल छाए रह सकते हैं और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना बनी रहेगी. ऐसे में यदि बारिश अधिक होती है तो मुकाबले के ओवरों में कटौती या खेल प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
ये भी पढ़ें: आज होने वाला है वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू? प्रैक्टिस के दौरान की इस तस्वीर ने बढ़ाई फैंस की उम्मीद