ICC T20I Ranking: भारतीय क्रिकेट टीम एक बार फिर टी20 क्रिकेट में अपनी ताकत का लोहा मनवा रही है. मैदान पर शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ आईसीसी की ताजा टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा साफ दिखाई दे रहा है. आयरलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया रवाना हो चुकी है, जहां उसे दो मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है. ऐसे में सीरीज शुरू होने से पहले जारी रैंकिंग भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व की तस्वीर पेश कर रही है.
नंबर-1 की कुर्सी पर कायम हैं अभिषेक शर्मा
टी20 बल्लेबाजों की विश्व रैंकिंग में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं. पिछले कुछ समय में उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने उन्हें दुनिया का नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बना दिया है. उनके ठीक पीछे दूसरे स्थान पर ईशान किशन मौजूद हैं, जिन्होंने टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर अपनी रैंकिंग को नई ऊंचाई दी है. दोनों भारतीय बल्लेबाजों के बीच केवल चार रेटिंग अंकों का अंतर है, जिससे शीर्ष स्थान की लड़ाई और भी रोमांचक हो गई है. तीसरे स्थान पर पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान हैं, जो इन दोनों खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती दे रहे हैं.
टॉप-7 में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा
टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग की सबसे खास बात यह है कि शीर्ष सात खिलाड़ियों में चार भारतीय शामिल हैं. यह उपलब्धि बताती है कि मौजूदा समय में भारत के पास दुनिया की सबसे मजबूत टी20 बल्लेबाजी इकाइयों में से एक है.
हाल ही में ट्राई सीरीज में इंडिया ए की कप्तानी करने वाले तिलक वर्मा छठे स्थान पर हैं, जबकि अनुभवी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव सातवें पायदान पर बने हुए हैं. हालांकि सूर्यकुमार को हाल के दिनों में टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है और कप्तानी भी उनसे वापस ले ली गई है, लेकिन उनकी व्यक्तिगत रैंकिंग अब भी उनके प्रभाव और क्षमता को दर्शाती है.
गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
बल्लेबाजों के अलावा भारतीय गेंदबाज भी टी20 रैंकिंग में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं. वरुण चक्रवर्ती दुनिया के दूसरे नंबर के टी20 गेंदबाज बने हुए हैं, जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह छठे स्थान पर काबिज हैं.
वहीं बल्लेबाजी रैंकिंग में संजू सैमसन 21वें और शिवम दुबे 27वें स्थान पर हैं. आयरलैंड और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में भारतीय खिलाड़ियों के पास अपनी रैंकिंग को और बेहतर करने का सुनहरा अवसर होगा. ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की नजरें एक बार फिर टीम इंडिया के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी.
ये भी पढ़ें: ICC रैंकिंग में न्यूजीलैंड के लिए खुशखबरी, टूट गया 36 साल पुराना रिकॉर्ड, गिल-ईशान को भी मिला ईनाम