भारत की बेटियों ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदा, हॉकी एशिया कप में 19-0 से दी करारी शिकस्त

क्रिकेट के बाद अब हॉकी के मैदान पर भी भारतीय बेटियों ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना दबदबा दिखा दिया है. मंगोलिया में खेले जा रहे महिला हॉकी जूनियर एशिया कप के क्वार्टरफाइनल में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी.

india-beat-pakistan-19-0-junior-asia-cup-hockey
Image Source: Social Media

क्रिकेट के बाद अब हॉकी के मैदान पर भी भारतीय बेटियों ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना दबदबा दिखा दिया है. मंगोलिया में खेले जा रहे महिला हॉकी जूनियर एशिया कप के क्वार्टरफाइनल में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी. 10 सितंबर को खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पूरे मैच के दौरान पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया.

हाफ टाइम तक भारत ने दागे 10 गोल

भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर में पांच गोल किए, जबकि दूसरे क्वार्टर में भी पांच गोल दागे. इस तरह हाफ टाइम तक भारत 10-0 की बड़ी बढ़त हासिल कर चुका था. दूसरे हाफ में भी टीम इंडिया का आक्रमण जारी रहा. तीसरे क्वार्टर में तीन और आखिरी क्वार्टर में छह गोल हुए, जिससे भारत ने मुकाबला 19-0 से अपने नाम कर लिया. यह महिला हॉकी जूनियर एशिया कप की सबसे बड़ी जीतों में से एक रही.

13 भारतीय खिलाड़ियों ने किया गोल

भारत की 19 गोल की इस जीत में 11 फील्ड गोल रहे, जबकि सात गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए. मैच के 13वें मिनट में भारत को पेनल्टी शूटआउट भी मिला, जिसे टीम ने गोल में बदल दिया. भारतीय टीम के 13 अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए. पूजा मलिक ने 27वें, 49वें और 51वें मिनट में गोल दागकर हैट्रिक पूरी की. वहीं रोशनी, सनिका माने, मधू सिदार और सुप्रिया ने दो-दो गोल किए.

पाकिस्तान को एक भी मौका नहीं मिला

मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पूरी तरह बेअसर नजर आई. भारतीय डिफेंस ने उसे पूरे मैच में एक भी गोल करने का मौका नहीं दिया. इतना ही नहीं, पाकिस्तान के खाते में एक भी पेनल्टी शूटआउट या पेनल्टी कॉर्नर भी नहीं आया. भारत के लगातार हमलों के सामने पाकिस्तानी टीम पूरे मुकाबले में संघर्ष करती दिखाई दी.

सेमीफाइनल में अब मलेशिया या दक्षिण कोरिया से भिड़ंत

इस शानदार जीत के बाद भारतीय टीम ने महिला हॉकी जूनियर एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. अब उसका सामना मलेशिया और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल के विजेता से होगा. टूर्नामेंट का गोल्ड मेडल मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा. भारत पिछली दो बार इस टूर्नामेंट का चैंपियन रहा है और 2026 में जीत दर्ज कर खिताबी हैट्रिक पूरी करने के इरादे से उतरेगा.

ये भी पढ़ें: Asia Cup W: महिला एशिया कप सेमीफाइनल आज, भारत-बांग्लादेश की होगी टक्कर, जानें कब और कहां देखें मैच