14 साल का तूफान फिर मचाएगा तबाही! आज न्यूजीलैंड के खिलाफ एक्शन में वैभव सूर्यवंशी, जानिए मैच का पूरा शेड्यूल

Vaibhav Suryavanshi Today Match Live Streaming:  अंडर-19 वर्ल्ड कप में आज भारतीय टीम एक और अहम मुकाबले के लिए मैदान में उतरने जा रही है.

India and new zealand match today vaibhav sooryavanshi action know schedule here
Image Source: Freepik

Vaibhav Suryavanshi Today Match Live Streaming:  अंडर-19 वर्ल्ड कप में आज भारतीय टीम एक और अहम मुकाबले के लिए मैदान में उतरने जा रही है. क्रिकेट फैंस की नजरें खास तौर पर 14 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी, जिनसे एक बार फिर विस्फोटक पारी की उम्मीद की जा रही है. आयुष म्हात्रे की कप्तानी में टीम इंडिया आज न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना तीसरा ग्रुप मुकाबला खेलेगी. यह मैच ग्रुप-बी के तहत जिम्बाब्वे के बुलावायो स्थित क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित होगा. भारत की कोशिश इस मैच को जीतकर ग्रुप स्टेज में लगातार तीसरी जीत दर्ज करने की होगी.


भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी. पहले मुकाबले में अमेरिका को हराकर टीम ने आत्मविश्वास के साथ अभियान का आगाज किया. इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए बारिश से प्रभावित मैच में भी भारत ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाया और 18 रन से रोमांचक जीत दर्ज की. अब न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला जीत की हैट्रिक लगाने का मौका लेकर आया है.

बांग्लादेश मैच में चमके वैभव सूर्यवंशी

पिछले मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से सभी का ध्यान खींचा था. बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया और कुल 72 रन की दमदार पारी खेली. इस पारी में उन्होंने छह चौके और तीन शानदार छक्के लगाए. टूर्नामेंट के पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ जल्दी आउट होने के बाद वैभव ने जबरदस्त वापसी की और अपनी काबिलियत साबित की. अब उम्मीद है कि वह उसी लय को न्यूजीलैंड के खिलाफ भी बरकरार रखेंगे.

कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का यह मुकाबला 24 जनवरी 2026 को खेला जाएगा. मैच का आयोजन बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में होगा.

मैच और टॉस का समय

यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस दोपहर 12:30 बजे किया जाएगा.

भारत में लाइव कैसे देखें मैच

भारत और न्यूजीलैंड के इस रोमांचक मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध होगी. वहीं, टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर मैच का सीधा प्रसारण देख सकते हैं.

दोनों टीमों के स्क्वाड

भारतीय टीम में आयुष म्हात्रे (कप्तान), आर.एस. अम्बरीश, कनिष्क चौहान, डी. दीपेश, मोहम्मद एनान, एरन जॉर्ज, अभिग्यान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उधव मोहन, हेनिल पटेल, खिलान ए. पटेल, हरवंश सिंह, वैभव सूर्यवंशी और वेदांत त्रिवेदी शामिल हैं.

वहीं न्यूजीलैंड की टीम की कमान टॉम जोन्स के हाथों में है. उनके साथ आर्यन मान, ह्यूगो बोग, स्नेहित रेड्डी, मार्को अल्पे (विकेटकीपर), जैकब कॉटर, जसकरण संधू, कैलम सैमसन, फ्लिन मोरे, सेल्विन संजय, मेसन क्लार्क, हैरी बर्न्स, ब्रैंडन मात्जोपोलोस, हंटर शोर, हैरी वाइट और ल्यूक हैरिसन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर अपने बल्ले से न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर कहर बरपाते हैं और टीम इंडिया को जीत की हैट्रिक दिला पाते हैं या नहीं.

यह भी पढ़ें: महिला क्रिकेटरों ने पलाश की कर दी थी पिटाई? स्मृति से शादी शादी टूटने के बाद हुआ बड़ा खुलासा!