एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक बार फिर निजी रिश्तों और पैसों से जुड़ा विवाद सुर्खियों में है. एक्टर और प्रोड्यूसर विद्यान माने ने मशहूर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर पलाश मुच्छल पर न केवल आर्थिक धोखाधड़ी, बल्कि निजी जीवन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. ये आरोप उस वक्त और चर्चा में आ गए, जब पहले से ही पलाश और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना की शादी टूटने को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. विद्यान माने के दावों ने इन अफवाहों को एक नया मोड़ दे दिया है.
34 वर्षीय विद्यान माने ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि वह नवंबर 2025 में होने वाली शादी की तैयारियों के दौरान मौजूद थे, जब पलाश मुच्छल को कथित तौर पर एक दूसरी महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया. विद्यान के अनुसार, यह दृश्य बेहद चौंकाने वाला था और मौके पर मौजूद लोगों के बीच भारी हंगामा भी हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी घटना के बाद शादी को पहले टाल दिया गया और फिर दिसंबर 2025 में इसे पूरी तरह रद्द कर दिया गया.
हेल्थ इमरजेंसी बताई गई थी शादी टलने की वजह
गौरतलब है कि शुरुआत में दोनों परिवारों की ओर से शादी टलने की वजह हेल्थ इमरजेंसी बताई गई थी, लेकिन बाद में जब शादी स्थायी रूप से कैंसिल हुई, तो धोखे की चर्चाएं तेज हो गईं. कुछ समय बाद स्मृति मंधाना ने खुद एक पोस्ट साझा कर शादी रद्द होने की पुष्टि की थी और निजी जीवन को लेकर गोपनीयता बनाए रखने की अपील की थी.
40 लाख रुपये की ठगी का आरोप
निजी जीवन के आरोपों के साथ-साथ विद्यान माने ने पलाश मुच्छल और उनके परिवार पर आर्थिक शोषण का भी आरोप लगाया है. विद्यान के मुताबिक, उन्होंने एक अनरिलीज्ड फिल्म में करीब 40 लाख रुपये से ज्यादा का निवेश किया था. बाद में उनसे और रकम लगाने का दबाव बनाया गया. विद्यान का कहना है कि जब उन्होंने पलाश की मां अमिता मुच्छल से मुलाकात की, तो उन्हें बताया गया कि फिल्म के रिलीज का बजट बढ़कर 1.5 करोड़ रुपये हो गया है और अगर उन्होंने अतिरिक्त 10 लाख रुपये नहीं दिए, तो उनका पैसा वापस नहीं मिलेगा. विद्यान ने इसे सीधा ब्लैकमेल बताया और इसी वजह से महाराष्ट्र के सांगली में इसकी शिकायत दर्ज कराई.
ब्लॉक करने और धमकियों के आरोप
विद्यान माने का दावा है कि शादी टूटने के बाद मुच्छल परिवार ने उनसे हर तरह का संपर्क तोड़ लिया. उन्हें फोन और मैसेज के जरिए ब्लॉक कर दिया गया. उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म से जुड़े अन्य कलाकारों को भी उनकी तय रकम नहीं मिली है. विद्यान के अनुसार, उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं कि अगर उन्होंने आवाज उठाई, तो उन्हें फिल्म से बाहर कर दिया जाएगा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म के रिलीज के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत में प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ रहा. विद्यान ने कहा कि उनके पास चैट्स और कॉल रिकॉर्डिंग जैसे सभी सबूत मौजूद हैं, जिन्हें वे जरूरत पड़ने पर पुलिस और मीडिया के सामने रखने को तैयार हैं.
पलाश मुच्छल ने आरोपों को किया खारिज
इन तमाम आरोपों पर पलाश मुच्छल ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन हैं. पलाश के मुताबिक, यह सब उनकी छवि खराब करने के इरादे से किया जा रहा है. उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके वकील इस पूरे मामले को देख रहे हैं और कानूनी तौर पर उचित कदम उठाए जाएंगे. पलाश ने कहा कि वह इन आरोपों को बिना चुनौती दिए नहीं छोड़ेंगे और सही मंच पर अपना पक्ष मजबूती से रखेंगे.
शादी रद्द होने पर दोनों का रुख
शादी रद्द होने के बाद स्मृति मंधाना ने जहां एक संक्षिप्त पोस्ट के जरिए इस फैसले की जानकारी दी और निजता की मांग की, वहीं पलाश मुच्छल ने भी भावनात्मक बयान साझा किया था. उन्होंने कहा था कि वह अपने जीवन में आगे बढ़ने का फैसला कर चुके हैं और निजी रिश्तों को लेकर फैल रही अफवाहों से वह बेहद आहत हैं.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: दूसरे T20I में इशान किशन का बड़ा कारनामा, 48 घंटों में ध्वस्त किया अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड