Duleep Trophy 2026 Prize Money: दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में मुकाबला भले ही ड्रॉ पर खत्म हुआ, लेकिन पहली पारी की बड़ी बढ़त ने ईस्ट जोन को खिताब दिला दिया. ईस्ट जोन ने साउथ जोन के खिलाफ पहली पारी में 372 रन की बढ़त हासिल की थी, जिसके आधार पर उसे विजेता घोषित किया गया. इस जीत के साथ टीम ने 13 साल बाद दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया.
ईशान की तूफानी पारी से बना बड़ा स्कोर
ईस्ट जोन की जीत की नींव उसकी पहली पारी के विशाल स्कोर ने रखी. टीम ने 708 रन बनाए, जिसमें कप्तान ईशान किशन ने 270 रन की शानदार पारी खेली. वहीं कुमार कुशाग्र ने भी 101 रन बनाकर अहम योगदान दिया. जवाब में साउथ जोन की पूरी टीम 336 रन पर सिमट गई, जिससे ईस्ट जोन को 372 रन की निर्णायक बढ़त मिल गई.
खिताब के साथ मिली ये प्राइज मनी
फाइनल ड्रॉ होने के बाद पहली पारी की बढ़त के नियम के तहत ईस्ट जोन को चैंपियन घोषित किया गया. ट्रॉफी जीतने के साथ टीम को 1 करोड़ रुपये की प्राइज मनी भी मिली. यह रकम सिर्फ खिलाड़ियों के लिए नहीं है, बल्कि टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बीच बांटी जाती है.
साउथ जोन भी खाली हाथ नहीं लौटा
खिताब से चूकने वाली साउथ जोन की टीम को रनर-अप के तौर पर 50 लाख रुपये की प्राइज मनी मिली. दलीप ट्रॉफी 2026 की कुल पुरस्कार राशि 1.5 करोड़ रुपये रखी गई है, जिसमें 1 करोड़ रुपये चैंपियन ईस्ट जोन और 50 लाख रुपये रनर-अप साउथ जोन को दिए गए. इस तरह ईस्ट जोन ने ट्रॉफी और इनामी रकम दोनों पर कब्जा जमाया.
ये भी पढ़ें: IND vs AFG: भारत-अफगानिस्तान मैच की तारीख नहीं होगा बदलाव, 13 सितंबर को ही खेला जाएगा मुकाबला