IND vs SA: रायपुर ODI में साउथ अफ्रीका ने भारत को 4 विकेट से हराया, तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से की बराबरी

IND vs SA 2nd ODI: रायपुर में खेला गया दूसरा वनडे एक ऐसा मुकाबला साबित हुआ जहां रनों की बरसात के बीच बाजी उस टीम ने मारी जिसने मौके भुनाए और दबाव में बेहतर संयम दिखाया. मार्करम के शतक और मध्यक्रम की समझदारी भरी साझेदारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने भारत को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली. 

IND vs SA South Africa defeated India by 4 wickets in Raipur ODI virat kohli
Image Source: Social Media

IND vs SA 2nd ODI: रायपुर में खेला गया दूसरा वनडे एक ऐसा मुकाबला साबित हुआ जहां रनों की बरसात के बीच बाजी उस टीम ने मारी जिसने मौके भुनाए और दबाव में बेहतर संयम दिखाया. मार्करम के शतक और मध्यक्रम की समझदारी भरी साझेदारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने भारत को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली. 

भारत ने रांची में पहला वनडे जीता था, लेकिन इस मुकाबले में भारतीय फील्डिंग और डेथ ओवर बॉलिंग ने टीम को निराश किया. विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ के शानदार शतकों के बावजूद जीत हाथ से फिसल गई.

359 के लक्ष्य का पीछा, मार्करम का शतक 

साउथ अफ्रीका को भारत ने 359 रनों का विशाल लक्ष्य दिया, लेकिन मेहमान टीम ने इसे चेज़ करते हुए एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया. मार्करम की 110 रनों की धैर्यपूर्ण लेकिन आक्रामक पारी ने नींव रखी. मैथ्यू ब्रीट्जके के 68 रन और फिर डेवाल्ड ब्रेविस की 34 गेंदों पर 54 रन ने भारत की गेंदबाजी को बैकफुट पर धकेल दिया. 

कप्तान टेम्बा बावुमा ने भी 46 रन जोड़कर टीम को स्थिरता दी. अंत में कॉर्बिन बॉश और केशव महाराज ने नाबाद रहकर टीम को जीत की मंज़िल तक पहुँचा दिया. यह साउथ अफ्रीका की घर से बाहर वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी सफल रन चेज़ बन गया.

भारत की गेंदबाजी और फील्डिंग डगमगाई

मैच में भारतीय गेंदबाज लगातार संघर्ष करते नज़र आए. अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट जरूर लिए, लेकिन रन रोकने में सफल नहीं हुए. हर्षित राणा और कुलदीप यादव को एक-एक सफलता मिली, मगर साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाजों ने मौके का भरपूर फायदा उठाया. सबसे बड़ी चिंता भारतीय फील्डिंग रही, जहां कई कैच और रनआउट के मौके गंवाए गए. एक हाई-स्कोरिंग ट्रैक पर ये गलतियाँ भारी पड़ गईं.

कोहली और गायकवाड़ के शतक, फिर भी जीत क्यों नहीं मिली?

भारत की बैटिंग इस मुकाबले में शानदार रही. ऋतुराज गायकवाड़ ने चौथे नंबर पर उतरकर अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा, 83 गेंदों पर 105 रन. वहीं विराट कोहली ने लगातार दूसरा शतक लगाते हुए 93 गेंदों पर 102 रन बनाए और 2027 विश्व कप के लिए अपनी दावेदारी को और मजबूत किया. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 195 रन की बेमिसाल साझेदारी की.

पारी को अंत में गति देने का काम किया केएल राहुल ने, जिन्होंने 43 गेंदों पर नाबाद 66 रन ठोके. रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल जल्दी आउट हुए, जबकि जडेजा और सुंदर ने छोटे योगदान दिए. 358/5 का स्कोर किसी भी दिन जीत दिला सकता था, लेकिन इस दिन मुकाबला बल्ले और फील्डिंग दोनों से साउथ अफ्रीका के पक्ष में झुका.

साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी: शुरुआती सफलता, लेकिन बाद में भारत का पलटवार

मार्को यानसेन ने साउथ अफ्रीका के लिए सबसे अधिक दो विकेट लिए, जबकि नांद्रे बर्गर और लुंगी एंगिडी ने एक-एक विकेट हासिल किया. हालांकि कोहली और गायकवाड़ की जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों को लंबे समय तक बेबस रखा. इसके बावजूद साउथ अफ्रीका ने अंतिम ओवर्स में रन सीमित रखकर 360 के पार स्कोर जाने से रोका, जिसने अंत में मैच का फर्क पैदा किया.

यह भी पढ़ें- Poco लॉन्च करने वाला है सस्ता 5G स्मार्टफोन, 6000mAh से होगा लैस; मिल सकते हैं ये बेहतरीन फीचर्स